लखनऊ: केडी सिंह बाबू स्टेडियम की मेट्रो लाइन बंद, CAA को लेकर सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन शुरू
लखनऊ। संशोधन नागरिकता कानून (सीएए) को लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन शुरू हो गया है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। साथ ही केडी सिंह बाबू स्टेडियम की मेट्रो लाइन को बंद कर दिया गया है। इससे पहले डीजीपी ओपी सिंह ने कहा था कि पूरे प्रदेश में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू होने के मद्देनजर किसी भी तरह के प्रदर्शन की इजाजत नहीं है।

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विधानभवन में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास प्रदर्शन कर नागरिकता कानून व एनआरसी का विरोध किया। नागरिकता कानून पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार का यह कानून भेदभाव पूर्ण है। इस देश ने कभी भी जाति व धर्म के आधार पर किसी से भेदभाव नहीं किया है। भाजपा की सरकार सिर्फ सत्ता पाने के लिए इस कानून को लेकर आई है। समाजवादी पार्टी इसका विरोध करती है। नागरिकता संशोधन कानून देश के खिलाफ है।
प्रदर्शन को देखते हुए लखनऊ में केडी सिंह बाबू स्टेडियम की मेट्रो लाइन बंद कर दी गई है। बता दें कि आज हो रहे प्रदर्शन के लिए प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी। 18 दिसंबर को उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश सिंह ने कहा था कि 19 दिसंबर को किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने वीडियो संदेश में भी अभिभावकों से बच्चों को प्रदर्शन में न भेजने की अपील की थी। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कहा था कि, 'मैं सभी अभिभावकों से अपील करूंगा कि वे इस दिन अपने बच्चों को कहीं भी जाने के लिए प्रेरित न करें। उन्हें प्रदर्शन में जाने से मना करें, नहीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।'












Click it and Unblock the Notifications