PM मोदी के Laal Topi वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार, बोले- BJP भावनाओं को नहीं समझती
लखनऊ, 08 दिसंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गोरखपुर में 'लाल टोपी' पर दिए गए बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। पीएम मोदी ने 'लाल टोपी' और 'लाल बत्ती' के जरिए बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा था। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश के लिए खतरा बताया था। इस पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने कहा, "यूपी सीएम लाल रंग के बारे में पहले भी बोल चुके हैं, लाल रंग भावनाओं का है और बीजेपी भावनाओं को नहीं समझती।"

Recommended Video
अखिलेश यादव ने क्या कहा ?
अखिलेश यादव ने कहा, 'लाल रंग भावनाओं का है, लाल रंग देवी देवताओं का है। चेहरे का रंग लाल तब होता है जब हम बहुत खुश होते हैं। लाल तब भी चेहरा होता है जब हम नाराज होते हैं। लाल रंग की चुनरी देवी देवताओं को भी चढ़ती है। हमारे ग्रंथ भी लाल रंग के कपड़े में रखे जाते हैं। भारतीय जनता पार्टी यह बताए कि हमारे सबके अंदर लाल रंग का खून बह रहा है। क्या हमारे सबके अंदर काले रंग का खून बह रहा है।'
'लाल टोपी की चमक दिल्ली तक पहुंच गई, यूपी में बदलाव निश्चित'
अखिलेश ने आगे कहा, 'जहां तक लाल टोपी का सवाल है तो समाजवादी लोग लगातार लाल टोपी पहनते रहे हैं। आंदोलन में किसानों, नौजवानों को न्याय मिले उसके लिए काम करते रहे हैं। हम तो चाहते हैं कि देश में सब लाल बत्ती हटा देनी चाहिए। सपा आतंकियों का नहीं किसानों का समर्थन करती है। अखिलेश ने कहा कि किसान अपना हक मांग रहे हैं, इसलिए इनकी भाषा गलत हो रही है। किसानों को आपने आतंकवादी कहा, आखिरकार आपने कानून वापस क्यों ले लिए? सपा प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री जी मुख्यमंत्री जी का रटा रटाया बोलते हैं। लाल टोपी की चमक दिल्ली तक पहुंच गई है यानी यूपी में बदलाव निश्चित है।' समाजवादी पार्टी नेता जया बच्चन ने कहा कि प्रधानमंत्री को बहुत-बहुत धन्यवाद कि वो हमारी पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। उनके लिए खतरा है कि लोग लाल टोपी पहन कर बड़ी संख्या में आ रहे हैं, उनके लिए ये खतरे की घंटी है।












Click it and Unblock the Notifications