कोविड के फर्जी आंकड़े दे रही योगी सरकार, उत्तर प्रदेश को बना दिया 'कोरोना प्रदेश', अखिलेश यादव ने कहा
कोविड के फर्जी आंकड़े दे रही योगी सरकार, उत्तर प्रदेश को बना दिया 'कोरोना प्रदेश', अखिलेश यादव ने कहा
लखनऊ, अप्रैल 27: कोरोना वायरस संक्रमण का कहर उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 33 हजार 574 नए मामले सामने आए हैं। तो वहीं, 249 लोगों को कोरोना संक्रमण की वजह से मृत्यु हो गई है। उत्तर प्रदेश में कोरोना के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि योगी सरकार मृतकों की संख्या कमतर दिखाने को फर्जी आंकडे़ दे रही है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तरफ से जारी हुए बयान में कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता का दम्भ छोड़कर एक परिवार वाले की तरह सोचना चाहिए और उसे तत्काल कोरोना पीड़ितों के घरों पर भी आक्सीजन का इंतजाम करना चाहिए। वैक्सीन टीके के दामों में एक रूपता हो और देश भर में त्वरित व मुफ्त टीकाकरण की व्यवस्था हो। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से कोरोना संक्रमण के दौर में लोगों की हर सम्भव मदद करने की अपील की।
बीजेपी ने यूपी को बना दिया 'कोरोना प्रदेश': अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि दूरदर्शिता की कमी और कुप्रबंधन से भाजपा ने प्रदेश को कोराना प्रदेश बना दिया है। एक ओर सरकार मृतकों की संख्या कमतर दिखाने को फर्जी आंकडे़ दे रही है दूसरी तरफ श्मसान में चिताएं बुझने का नाम नहीं ले रही है। आक्सीजन, बेड, दवा न मिलने से सांसो का आपातकाल है। योगी जी के बयान जो हो, भाजपा विधायक और सांसद तक हालात से परेशान होकर धरना देने की चेतावनी दे रहे हैं, यह सरकार की नाकामी नहीं तो क्या है?
कालाबाजारी पर लगाम लगाने में विफल है सरकार
अखिलेश यादव ने कहा कि कालाबाजारियों पर लगाम लगाने में सरकार की विफलता उजागर है। संक्रमितों के इलाज के लिए जिन अस्पतालों और डाक्टरों के नाम और टेली फोन नंबर भाजपा सरकार प्रचारित कर रही है वे अधिकांश फर्जी निकल रहे है। इसी झूठ के सहारे मुख्यमंत्री जी अपनी कमियां छुपा रहे हैं जबकि जमीनी हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। प्रदेश के इतिहास में ऐसी असंवेदनशील सरकार कभी नहीं आई।
अभिशाप बन गई भाजपा सरकार
अखिलेश यादव ने कहा कि वैज्ञानिक और वरिष्ठ डॉक्टर बराबर संकेत दे रहे थे कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर ज्यादा संक्रामक होगी। लेकिन तब वाहवाही के नशे में चूर भाजपा सरकार ने कोई तैयारी नहीं की। जब श्मसान-कब्रिस्तानों में लाशों का ढेर लग गया, चारों ओर तड़प-तड़प कर मौतें होने लगी, नरसंहार जैसी स्थिति पैदा हो गई तब भाजपा सरकार बदहवाशी में पहुंच गई है। इस अक्षम और अयोग्य सरकार को सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जी का यह लापरवाही भरा कृत्य मानवीय भूल नहीं अपराध है। पीड़ित परिवारों के आंसू सूख गए हैं और सरकार की आंख का पानी मर गया है। लोकतंत्र में भाजपा सरकार अभिशाप बन गई है।












Click it and Unblock the Notifications