सीएम योगी के 'राम-परशुराम समान' बयान पर अखिलेश ने किया वार, कहा- महापुरुष के नाम पर छुट्टी रद्द कर किया अपमान
लखनऊ। आगमी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण वोटरों को रिझाने के लिए भगवान विष्णु के अवतार कहे जाने वाले परशुराम पर राजनीति जारी है। परशुराम की मूर्तियां लगाने के सपा-बसपा के ऐलान के बाद उनके खिलाफ बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मानसून सत्र के दौरान कहा था कि जातिवादी और तिलक-तराजू के नाम पर जहर घोलने वाले लोग प्रदेश में अब राम और परशुराम के नाम में भेद कर गंदी राजनीति कर रहे हैं, समाज को बांट रहे हैं। सपा-बसपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा था कि राम और परशुराम में कोई तात्विक भेद नहीं है, छोटी और संकीर्ण बुद्धि वाले लोग इसे नहीं समझ सकते। अब सपा मुखिया अखिलेश यादव ने उनकी इसी बात को लेकर ट्विटर पर निशाना साधा है।

अखिलेश यादव ने रविवार को मुख्यमंत्री को निशाने पर रखकर ट्वीट करते हुए लिखा कि जब सिंहासन डोल रहा है तब उनको महापुरुषों की समानता का ध्यान आया है। परशुराम जयंती समेत अन्य महापुरुषों के नाम पर सरकारी छुट्टियों को योगी आदित्यनाथ सरकार ने रद्द किया था।

इसकी चर्चा छेड़ते हुए अखिलेश यादव ने लिखा- पहले छीना जीवन उनका और उनका मान-सम्मान... जब सिंहासन डोल गया तब जाकर आया महापुरुषों की समानता का ध्यान... और अब दिखावे के लिए क्या करेंगे जयंती पर अवकाश का फिर से ऐलान... पर अब झांसे में न आयेगा चेतन-मानस बुद्धिमान! अखिलेश यादव ने ब्राह्मणों को चेतन-मानस बुद्धिमान कहते हुए लिखा कि वह झांसे में नहीं आएगा। उन्होंने योगी सरकार से कहा कि क्या दिखावे के लिए ही सही, वे परशुराम जयंती पर अवकाश का ऐलान करेंगे।

इसी को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को अखिलेश यादव ने फिर योगी आदित्यनाथ सरकार की आलोचना करते हुए लिखा कि महापुरुषों के नाम पर जो छुट्टियां हैं उनको रद्द कर भाजपा सरकार ने उनका अपमान किया है। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ पर स्वयंभू महापुरुष और आत्मकेंद्रित होने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा- महापुरुषों की जयंती व पुण्यतिथि पर होने वाले अवकाश उनके सम्मान का प्रतीक होते हैं। भाजपा ने भगवान विष्णु के अवतार, शहीदों, क्रांतिकारियों व राजनेताओें से जुड़े अवकाशों को रद्द कर उनका अपमान किया है। दरअसल आज के सत्ताधीश स्वयंभू महापुरुष सारा फ़ोकस ख़ुद पर ही चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications