PM मोदी ने CM योगी के कंधे पर रखा हाथ, अखिलेश बोले- सियासत में कभी यूं भी करना पड़ता है
लखनऊ, 21 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कंधे पर हाथ रखकर टहलते नजर आए। इस दौरान दोनों नेता गंभीर चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी ने इन तस्वीरों को खुद शेयर किया है। यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसे लेकर शायराना अंदाज में तंज कसा है।

अखिलेश ने कहा- बेमन से कंधे पर रख हाथ...
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ''दुनिया की ख़ातिर, सियासत में कभी यूं भी करना पड़ता है। बेमन से कंधे पर रख हाथ, कुछ कदम संग चलना पड़ता है।''
Recommended Video

सीएम योगी ने शेयर की तस्वीर
मुख्यमंत्री योगी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पीएम नरेंद्र मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में पीएम मोदी सीएम योगी के कंधे पर हाथ रखकर टहलते नजर आए। इस दौरान दोनों नेता गंभीर चर्चा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री सीएम योगी के कंधे पर हाथ रखकर राजभवन के गलियारे में घूमते और गहन चर्चा करने नजर आ रहे हैं।
सीएम योगी ने लिखा, 'हम निकल पड़े हैं प्रण करके, अपना तन-मन अर्पण करके, जिद है एक सूर्य उगाना है, अम्बर से ऊंचा जाना है, एक भारत नया बनाना है।'

तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ में हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 56वें डीजीपी आईजीपी सम्मेलन में भाग लेने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह सवा नौ बजे डीजीपी मुख्यालय पहुंचे। वहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री सीधे नौवें तल पर आयोजित सम्मेलन हाल में पहुंचे। यहां उन्होंने शीर्ष पुलिस अधिकारियों को संबोधित किया।बता दें, देश के विभिन्न राज्यों के डीजीपी और आईजीपी के सम्मेलन के दूसरे दिन देश की आंतरिक सुरक्षा समेत विभिन्न मुद्दों पर पूरे दिन मंथन चला। इस दौरान पीएम मोदी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी सत्रों में हिस्सा लिया।












Click it and Unblock the Notifications