COVID-19: यूपी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 218 नए मामले, अब तक 2842 एक्टिव केस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के कुल 218 नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या 2842 मामले हैं, अब तक कुल 4244 मरीज पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस समय आइसोलेशन वार्ड में 2916 लोग रखे गए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। फैसिलिटी क्वारंटाइन में 8507 लोग हैं।

यूपी में अभी तक ढाई लाख से ज्यादा सैंपलों की जांच हुई
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि कल प्रदेश में सर्वाधिक 9981 सैंपलों की जांच हुई है। अभी तक राज्य में कुल ढाई लाख से ज्यादा सैंपलों की जांच हुई। कल 918 पूल 5-5 सैंपल वाले और 71 पूल 10-10 सैंपल वाले लगाए गए। उन्होंने बताया कि सर्विलेंस का काम लगातार चल रहा है, अब तक 12998 एरिया में सर्विलेंस का काम हुआ है, इसमें 96773 टीमों ने काम किया, कुल 3,81,85,073 लोगों की निगरानी की गई है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा जो कोई भी इच्छुक कामगार और श्रमिक दूसरे प्रदेशों से लौटना चाहते हैं, उनको निशुल्क प्रदेश में लाने की व्यवस्था की जाएगी, जनपद में लाकर जनपद स्तर से गांव में पहुंचाने तक की व्यवस्था की जाएगी।
20 लाख से ज्यादा लोग ट्रेन से आए वापस
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि वो हर प्रदेश के मुख्य सचिव को चिट्ठी भेजें, जिससे जिस भी प्रदेश में जो भी कामगार या श्रमिक रह गए हैं उनकी सूची हमें उपलब्ध हो और उन्हें उनके जनपद तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई जा सके। उन्होंने बताया कि 1483 ट्रेन प्रदेश पहुंची हैं। आज ये संख्या 1500 हो जाएगी। आज 46 ट्रेन और आएंगी। लगभग 20 लाख 14 हजार लोग 1483 ट्रेन में आ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications