बंदी ने जेल से दी मां को अंतिम विदाई, ई-मुलाकात में फूट-फूूटकर रोया तो जेलर व स्टाफ भी हुआ भावुक
मध्य प्रदेश के नागदा का किशन एक साल से राजस्थान के कोटा जिले के सांगोद उप सब जेल में बंद है। मां के निधन पर ई-मुलाकात से अंतिम दर्शन कर पैर छूने के बाद फूट-फूटकर रोने लगा।

राजस्थान जेल के इतिहास में हर किसी को भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। राजस्थान के कोटा जिले के सांगोद उप कारागृह में सलाखों के पीछे बंद एक विचाराधीन बंदी ने सोमवार को अपनी मां को अंतिम विदाई दी। यह देख वहां मौजूद जेलर व जेल का स्टाफ भी भावुक हो गया।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के नागदा का किशन कुमार का मामला कोटा के रामगंजमंडी न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में वह जेल में बंद है। मध्य प्रदेश के नागदा में रविवार रात को उसकी मां का निधन हो गया। इस पर परिजन व किशन के भाई ने जेल प्रशासन को ऑनलाइन मुलाकात की रिक्वेस्ट भेजी।
बंदी किशन के भाई की रिक्वेस्ट स्वीकार करते हुए सोमवार को उसके लिए मां के अंतिम दर्शनों की ई-मुलाकात व्यवस्था की। इस पर बंदी ने जेल परिसर में एक कम्प्यूटर पर अपनी मां के ऑनलाइन अंतिम दर्शन किए। उसने मां के शव को नमन किया और उनके पैर छूए। फिर फूट-फूटकर रोने लगा।
यह देख जेल स्टाफ भी आंसू नहीं रोक पाया। दावा किया जा रहा है कि राजस्थान जेल इतिहास में यह पहला मामला है जब किसी बंदी ने अपनी के निधन पर ई-मुलाकात के जरिए जेल से ही उनके अंतिम दर्शन किए हैं। मां के आखिरी बार दर्शन करने के बाद बंदी किशन वापस अपनी बैरक में चला गया।












Click it and Unblock the Notifications