कासगंज: बच्चे की शरारत से नाराज होकर सौतेले पिता ने की पीट-पीटकर हत्या
कासगंज।

क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, घटना कासगंज जिले के पटियाली के रानी डामर की है। शुक्रवार की देर रात एक सिरफिरे सौतेले पिता ने अपने तीन साल के बेटे आयूष की पटककर जान ले ली। इतना ही नहीं पेट पर खड़े होकर बेरहमी से पीटता रहा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बता दे कि आयुष का कसूर सिर्फ इतना था कि वह घर में शरारत कर रहा था, जो हत्यारोपी पिता मेघ सिंह को नागवार गुजरी। जिसके बाद उसने घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।

दूसरी शादी थी मेघ सिंह की
रानी डामर गांव में मेघ सिंह का घर है। मेघ सिंह ने अपनी पहली पत्नी को छोड़कर 4 माह पूर्व पुष्पा देवी से दूसरा विवाह किया था। साथ में पुष्पा देवी का तीन साल का बेटा आयुष भी रहता था। ग्रामीणों ने बताया कि मेघ सिंह को आयुष पसंद नहीं था। वो उससे अकसर बुरा बर्ताव करता था। घरवालों के लगातार निगरानी करने से आयुष के साथ अब तक कोई अनहोनी नहीं हुई थी, लेकिन शुक्रवार की शाम जब पुष्पा और अन्य घरवाले बाहर गए हुए थे।

शरारत करने पर मेघ सिंह ने आयुष को पीटा
मेघ सिंह ने आयुष को किसी बात पर बहुत पीटा। इससे वो और ज्यादा चिल्ला-चिल्लाकर रोने लगा। ये बात मेघ सिंह को बर्दाश्त नहीं हुई तो उसने पहले आयुष को उठाकर जमीन पर पटका। इसके बाद भी उसकी सांस चलती देख उसके सीने पर कई बार लात मारी। इससे आयुष ने वहीं दम तोड़ दिया। मारपीट और चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीणों को आता देख मेघ सिंह भाग निकला।

क्या कहा पुलिस ने
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। इस पर सीओ समेत पुलिसफोर्स वहां पहुंच गया। एएसपी डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी सहित भारी मात्रा में पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंच गया। एएसपी ने बताया कि मासूम की मां की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल हत्यारोपी पिता मेघ सिंह फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications