कानपुर: उपचुनाव के प्रत्याशी पर दलित युवती ने लगाया गैंगरेप का आरोप, रेप के मामले में पहले भी जा चुका है जेल
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक दलित युवती ने उप चुनाव के प्रत्याशी राजेंद्र धमाका पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। मामला घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र का है। दलित युवती ने कहा कि उप चुनाव प्रत्याशी व अधिवक्ता अपने तीन साथियों के साथ बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है। बता दें, राजेंद्र धमाका राष्ट्रीय जन उत्थान पार्टी से प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। इससे पहले भी धमाका पर कई आरोप लग चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, रेप मामले में धमाका जेल भी जा चुके हैं। पुलिस ने युवती की तहरीर पर अधिवक्ता समेत चार लोगों के खिलाफ गैंगरेप और एसटी एससी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।

यूपी में 8 सीटों पर होने हैं उपचुनाव
उत्तर प्रदेश में 8 सीटों पर उपचुनाव होने हैं। हालांकि, भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधानसभा की 7 सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीख का ऐलान किया है। उपचुनाव वाली इन 7 सीटों पर 3 नवंबर को मतदान होगा। 10 नवंबर को चुनाव के नतीजे जारी किए जाएंगे। जिन 7 सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें टूंडला (फिरोजाबाद), बुलंदशहर, नौगांवा सादात (अमरोहा), सेंट्रल यूपी की घाटमपुर (कानपुर नगर), बांगरमऊ (उन्नाव) और ईस्ट यूपी की मल्हनी (जौनपुर), देवरिया सदर सीटें शामिल हैं।
भाजपा विधायक के निधन के बाद खाली हुई घाटमपुर सीट
घाटमपुर (कानपुर नगर) की बीजेपी विधायक कमल रानी वरुण का कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो चुका है, जिसके बाद घाटमपुर विधानसभा सीट खाली हो गई है और इस सीट पर उपचुनाव होना है। इस सीट पर राष्ट्रीय जन उत्थान पार्टी की ओर से अधिवक्ता राजेंद्र धमाका को प्रत्याशी घोषित किया गया है। राजेंद्र धमाका पर कई गंभीर आरोप लग चुके हैं, साथ ही वह रेप के मामले में जेल भी जा चुका है। अब इसी क्षेत्र की एक दलित युवती ने धमाका पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पुलिस ने दलित युवती की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घाटमपुर कोतवाली प्रभारी राजीव ने बताया कि युवती की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications