कानपुर: तीन साल के मासूम की एयरगन से गोली मारकर हत्या, चुनावी रंजिश में मर्डर का आरोप
कानपुर, अप्रैल 17: उत्तर प्रदेश के कानपुर में तीन साल के मासूम की एयरगन से गोली मार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद बच्चे के घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने गांव वालों के साथ थाने पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पिता की तहरीर पर पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। महाराजपुर थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह का कहना है कि बच्चे एयरगन से खेल रहे थे। खेल-खेल में फायर होने से गोली बच्चे को लग गई। बच्चे के पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।

पहले खींची फोटो, फिर मार दी गोली
मामला नौबस्ता थाना क्षेत्र का है। कुंज बिहार में रहने वाले प्रभात सिंह प्रापर्टी डीलर का काम करते हैं। प्रभात के परिवार में पत्नी निशा और तीन साल का बेटा युवराज था। युवराज अपनी मां के साथ ननिहाल महाराजपुर स्थित महोली गांव गया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम पूर्व प्रधान शिव बहादुर का भतीजा चंदन सिंह बच्चे को खेल-खेल में अपने साथ ले गया था। चंदन ने पहले मोबाइल से युवराज की एयरगन के साथ फोटो खींची थी। फिर उसी एयरगन से उसे गोली मार दी।
गोली लगने से मासूम की मौत
गोली लगते ही युवराज बेहोश हो गया। जानकारी मिलते ही मां निशा और युवराज के मामा-मामी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवराज की मौत के खबर लगते ही गांव में कोहराम मच गया। गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। युवराज के पिता प्रभात की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बच्चे के पिता का कहना है कि युवराज के मामा अरविंद सिंह सेना से रिटार्यड है। अरविंद की पूर्व प्रधान से पुरानी चुनावी रंजिश चली आ रही है, जिसकी वजह से पूर्व प्रधान के भतीजे ने बच्चे की गोली मार हत्या कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications