परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद के बेटे ने Oxygen की कमी से तोड़ा दम, परिजनों ने लगाया ये आरोप
कानपुर, अप्रैल 24: खबर उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से है। यहां परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद के बेटे अली हसन (65) की शुक्रवार तड़के तीन बजे ऑक्सीजन न मिलने से मौत हो गई। आरोप है कि अली हसन का परिवार डॉक्टरों से मिन्नतें करता रहा, वीर अब्दुल हमीद की शहादत का वास्ता देकर गुजारिश की। लेकिन डॉक्टरों ने ऑक्सिजन का सिलिंडर नहीं दिया। ऑक्सिजन के अभाव में अली हसन ने दम तोड़ दिया।

आपको बता दें कि वीर अब्दुल हमीद का परिवार मूलरूप से गाजीपुर में रहता है। ये वहीं 'परमवीर चक्र' विजेता वीर अब्दुल हमीद है जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सन् 1965 की जंग में दुश्मनों के कई टैंकों को अकेले ही नेस्तनाबूत कर दिया था। लेकिन उनके दूसरे नंबर के बेटे अली हसन अपने परिवार के साथ कानपुर के सैयद नगर में रहते थे। अली हसन के परिवार में पत्नी फरीदा नसरीन, बेटा सलीम जावेद, तनवीर और बेटियां राबिया, सलमा, गजाला है। अली हसन 2016 में ओएफसी से रिटायर हो गए थे। सेवानिवृत होने के बाद उन्होंने कानपुर में अपना आशियाना बना लिया था।
अली असन के परिवार ने बताया कि बीते 21 अप्रैल को अचानक तबीयत बिगड़ गई। लगातार खांसी आने से उनका दम उखड़ने लगा, और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। उनके बेटे सलीम ने बताया कि देर रात पिता को लेकर हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने पहले उन्हें ऑक्सिजन सिलिंडर लगा दिया, जिससे उनकी हालत में सुधार होने लगा। हालांकि, ऑक्सिजन सिलिंडर हटाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों ने बाहर से ऑक्सिजन सिलिंडर की व्यवस्था करने को कहा। हसन अली के बेटे ऑक्सिजन सिलिंडर की व्यवस्था करने में जुट गए।
इसके साथ ही डॉक्टरों से भी हाथ जोड़कर ऑक्सिजन लगाने की गुहार लगाते रहे। इस बीच हसन अली ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को कानपुर के मसवानपुर के गन शहीदा कब्रिस्तान में उनको सुपुर्द-ए-खाक किया गया।












Click it and Unblock the Notifications