संजीत अपहरण-मर्डर केस: अपराधी के साथ नागिन डांस करते नजर आए निलंबित इंस्पेक्टर, वीडियो वायरल
कानपुर। बिकरू शूटआउट के बाद कानपुर पुलिस विभाग के 'विभीषणों' और अपराधियों के बीच कनेक्शन की पोल खुली थी। तो वहीं, अब एक फिर कानपुर पुलिस चर्चाओं में है। क्योंकि इस बार भी लैब टेक्नीशियन संजीत यादव अपहरण और हत्याकांड के बाद कानपुर पुलिस की मिलीभगत का मामला सामने आया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर संजीत हत्याकांड में निलंबित इंस्पेक्टर रणजीत राय और अपराधी हसीन उर्फ राजा के साथ नागिन डांस करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद डीआईजी ने एक दरोगा को लाइन हाजिर करने के साथ ही निलंबित इंस्पेक्टर समेत तीनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ जांच का आदेश दिया है। पूरे मामले की जांच एसपी पूर्वी करेंगे। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो पुराना बताया जा रहा है। तब इंस्पेक्टर रणजीत राय चकेरी थाने में तैनात थे, ये वीडियो उसी दौरान का है। चकेरी थाना क्षेत्र से वांछित अपराधी राजा कालिया पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गुंडा एक्ट की भी कार्रवाई भी हो चुकी है।
रणजीत रॉय की शादी की सालगिरह का बताया जा रहा है वीडियो
पुलिस कर्मी रणजीत राय को गोद में उठाकर डांस करते हुए देखे जा सकते हैं। यह वीडियो रणजीत राय की शादी की सालगिरह का बताया जा रहा है। वीडियो में रणजीत रॉय के साथ तत्कालीन रामादेवी चौकी प्रभारी हरिओम गौतम और दरोगा अनिल कुमार त्रिपाठी डांस कर रहे थे। वहीं, वीडियो वायरल होने के बादद मौजूदा समय में चकेरी में तैनात डांस कर रहे दरोगा अनिल कुमार त्रिपाठी को लाइन हाजिर कर दिया गया। डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल को दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पुलिस कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
संजीत हत्याकांड में निलंबित हुए थे रणजीत राय
बर्रा थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर रणजीत राय को संजीत अपहरण हत्याकांड में निलंबित किया गया था। संजीत के परिजनों ने रणजीत राय पर आरोप लगाया था कि इंस्पेक्टर के कहने पर ही किडनैपरों पर फिरौती के 30 लाख रुपए दिए थे। इसके साथ ही किडनैपरों से मिली भगत का भी आरोप था।












Click it and Unblock the Notifications