Raj Kundra Case : कौन है कानपुर की हर्षिता श्रीवास्तव, पोर्नोग्राफी और राज कुंद्रा से क्यों जुड़ा नाम?
कानपुर, 27 जुलाई: राज कुंद्रा पोर्नोग्राफी मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कानपुर की रहने वाली हर्षिता श्रीवास्तव का एक बैंक अकाउंट सीज किया है। इस बैंक अकाउंट में करीब ढाई करोड़ रुपए मौजूद हैं। दरअसल, हर्षिता श्रीवास्तव अरविंद कुमार श्रीवास्तव की पत्नी है। अरविंद ही वो शख्स है जो राज कुंद्रा के प्रोडक्शन हाउस में बनी अश्लील फिल्मों का डिस्ट्रीब्यूशन कर रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम अरविंद श्रीवास्तव को भी तलाश कर रही है।

राज कुंद्रा के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ा था अरविंद
अरविंद कुमार श्रीवास्तव राज कुंद्रा के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ा था। अरविंद अपनी पत्नी हर्षिता श्रीवास्तव और पिता नर्वदा प्रसाद श्रीवास्तव के खातों में रकम भेजता था। मुंबई क्राइम ब्रांच ने अरविंद का खाता भी सीज कर दिया है। इसमें 1.81 करोड़ रुपए थे। सूत्रों के मुताबिक, राज कुंद्रा के पोर्न फिल्मों का बिजनेस 3 व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ही चलाता था। एचएस नाम के ग्रुप में राज कुंद्रा पैसों के लेनदेन के बारे में चर्चा करता था। बताया जा रहा है कि अरविंद श्रीवास्तव इसी ग्रुप से जुड़ा था।

100 दिन के अंदर करोड़पति बनी हर्षिता श्रीवास्तव
अरविंद अपनी पत्नी के बर्रा स्थित पंजाब नेशनल बैंक अकाउंट में पैसा ट्रांसफर करता था। छह साल पहले 2015 में हर्षिता का ये खाता खुला था। बीते दो साल में इस खाते में पैसों का लेनदेन बढ़ गया था। इस खाते में 2 करोड़ 32 लाख 45 हजार 222 रुपए जमा हैं। जांच में सामने आया है कि हर्षिता कोई जॉब या बिजनेस नहीं करती, लेकिन राज कुंद्रा की कंपनी शुरू होने के 100 दिन के अंदर करोड़पति बन गई थी। अरविंद के पिता नर्वदा श्रीवास्तव का खाता कैंट स्थित भारतीय स्टेट बैंक में है, जिसमें 5 लाख 59 हजार 151 रुपए जमा हैं। क्राइम ब्रांच ने इन दोनों खातों को सीज किया है।

कुल 6.50 करोड़ रुपए का संदिग्ध लेनदेन
मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, अरविंद श्रीवास्तव के जरिए कुल 6.50 करोड़ रुपए का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। इसमें से करीब 3 करोड़ रुपए अपने घरवालों को भेजे। पत्नी हर्षिता और पिता के अकाउंट में भेजे गए रुपयों का लिंक तो मिल गया। वहीं, अन्य खातों में भेजी गई रकम की पड़ताल की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications