19 अक्टूबर को कानपुर के फूलबाग मैदान में गरजेंगे नरेन्द्र मोदी

भाजपा नेताओं का मानना है कि फूलबाग में करीब पांच लाख लोग आसानी से एकत्रित हो जाएंगे और इसलिए यह मैदान मोदी की रैली के लिए उचित रहेगा। इस मामले को लेकर बुधवार को जिला प्रशासन और भाजपा नेताओं के बीच कई दौर की बातचीत हुई लेकिन देर शाम तक असमंजस की स्थिति बनी रही। भाजपा नेताओं और जिलाधिकारी के बीच देर रात दोबारा बैठक होने के बाद आखिरकार मोदी की रैली फूलबाग मैदान में कराने की मंजूरी प्रशासन ने दे दी।
प्रशासन से मंजूरी मिलने के बाद अब भाजपा उतर प्रदेश में मोदी की पहली रैली को सफल बनाने की तैयारियों में जुट गई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि बातचीत के बाद जिला प्रशासन ने मोदी की रैली फूलबाग मैदान में कराने की इजाजत दे दी है। अब इस मैदान में मोदी की रैली की तैयारी शुरू कर दी जाएगी। यह प्रदेश की अब तक की ऐतिहासिक रैली होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और भाजपा नेता वरुण गांधी की आगरा रैली पर प्रशासन ने शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए रोक लगा दी थी। उल्लेखनीय है कि उप्र में मोदी की आठ क्षेत्रिय रैलियां होंगी जबकि राजधानी में कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर से भाजपा कार्यकर्ता राजधानी पहुंचेंगे।












Click it and Unblock the Notifications