नोएडा के बाद अब कानपुर की महिला ने पड़ोसी पर की गालियों की बौछार, VIDEO हुआ वायरल
कानपुर, 22 अगस्त: दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा में सोसायटी के गार्ड्स को गालियां देने वाली वकील भव्या रॉय को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अब कानपुर से एक 'गालीबाज' महिला का वीडियो सामने आया है। इस महिला ने अपने पड़ोसी पर ही गालियों की बौछार कर दी। वीडियो वायरल होने के बाद महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पड़ोसी से विवाद के बाद महिला ने दी गालियां
वायरल वीडियो कानपुर के कल्याणापुर इलाके का बताया जा रहा है। बताया गया कि रविवार को महिला का अपने पड़ोसी के साथ कुछ विवाद हो गया था। इसके बाद उसने पड़ोसी के गेट के सामने आकर उसे गंदी-गंदी गालियां दीं। पड़ोसी ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। गालीबाज महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोग कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद FIR दर्ज
इस वीडियो को ट्विटर पर कानपुर पुलिस और कानपुर कमिश्नर को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कराई। पुलिस की मानें तो कल्याणपुर के सराय इलाके में दो पक्षों की महिलाओं में झगड़ा हुआ था, इस विवाद के बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया था, लेकिन अब वीडियो वायरल होने के बाद एफआईआर दर्ज करा दी गई है। बता दें, नोएडा की एक गालीबाज महिला भव्या रॉय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। भव्या ने अपनी ही सोसायटी के सिक्योरिटी गार्ड से अभद्र व्यवहार किया और उसे गालियां दी थीं। यही नहीं, महिला ने एक गार्ड की वर्दी तक खींच दी थी। भव्या पेशे से वकील है और दक्षिणी दिल्ली के साकेत कोर्ट में वकालत करती है। भव्या को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications