कानपुर: कोरोना संदिग्धों को लेने गई पुलिस और स्वास्थ्य टीम पर पथराव, PAC ने खदेड़ा
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक परिवार को क्वारंटाइन करवाने के लिए पहुंची पुलिस और मेडिकल टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस ने मेडिकल टीम और संक्रमित मरीज के परिवार को किसी तरह हॉटस्पॉट एरिया से बाहर निकाला और अधिकारियों को घटना की सूचना दी। सूचना पर भारी पुलिस फोर्स और पीएसी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पथराव कर रहे लोगों को खदेड़कर पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया। बता दें कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। वहीं, तनाव को देखते हुए पीएसी ने इस क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया है।

पुलिस पर किया पथराव
जानकारी के मुताबिक, मामला कानपुर जिले के चमनगंज थाना क्षेत्र के हॉट स्पॉट एरिया का है। बुधवार को गुलाब घोषी मस्जिद के पास स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम एक कोरोना संक्रमित मरीज के परिवार के सदस्यों को क्वारंटाइन कराने के लिए लेने के लिए गई थी। स्वास्थ्य टीम संक्रमित मरीज के परिवार के सदस्यों को साथ लेकर चलने लगी तो 30 से 35 लोग घरों से बाहर निकल आए। सभी परिवार के सदस्यों को ले जाने का विरोध करने लगे। जब पुलिस ने उन्हे रोकने का प्रयास किया तो पथराव शुरू कर दिया।
पत्थरबाजी करने वालों को किया गया चिन्हित
पुलिस ने किसी तरह से स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके से निकाल दिया। इसके बाद कई थानों के फोर्स को बुलाकर पत्थरबाजों को खदेड़ दिया। घटना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने मीडिया को बताया कि एक शख्स कोरोना पॉजिटिव निकला था, जिसको हम लोग पहले ही क्वारंटाइन करा चुके हैं। उसके परिवार वालों को चिन्हित किया गया था। बुधवार को स्थानीय पुलिस और मेडिकल टीम मौके पहुंची और परिवार को लेकर चली गई। उसके 15 मिनट बाद आसपड़ोस के लोग 30 से 35 की संख्या में आए और पत्थरबाजी करने लगे। इसमें कुछ लोगों को चिन्हित कर लिया गया है। उनके विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जा रही है। किसी को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है।

चार लोगों को किया गया गिरफ्तार
कानपुर के एसएसपी अनंतदेव तिवारी ने बताया कि घटना के 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य को भी गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। महामारी अधिनियम और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। बताया कि इस घटना में किसी को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा- कोरोना योद्धाओं पर हमले बर्दाश्त नहीं
इस मामले का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा- हमला करने वालों को चिन्हित कर उन पर एनएसए व गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो। कोरोना योद्धाओं पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications