Kanpur news today: जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने कानपुर के इस इलाके में मचाई तबाही, 5 लोगों की दर्दनाक मौत
Kanpur news today: कानपुर के चमनगंज इलाके में रविवार रात दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। प्रेम नगर में स्थित एक चार मंजिला इमारत आग की लपटों में घिर गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। आग एक जूता-चप्पल की फैक्ट्री में लगी, जो देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई।
दमकल विभाग को जैसे ही आग की सूचना मिली, राहत-बचाव कार्य में तेजी लाई गई। करीब 10 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे में मोहम्मद दानिश, उनकी पत्नी और तीन मासूम बेटियों की जान चली गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोग संभल भी नहीं पाए। रात के वक्त फैक्ट्री में मौजूद केमिकल्स ने आग को और भड़काया। कई लोग जान बचाने के लिए इमारत की छतों और बालकनियों में फंस गए, जिन्हें दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बचाया।
फैक्ट्री में मौजूद केमिकल्स ने बढ़ाई मुश्किलें
बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले बेसमेंट में लगी और महज 20 मिनट के भीतर चौथी मंजिल तक जा पहुंची। इस दौरान तीन जोरदार धमाके भी हुए, जिन्हें सिलेंडर फटने का नतीजा माना जा रहा है। फैक्ट्री में जूतों के सोल चिपकाने में इस्तेमाल होने वाला डेंड्राइड और पेट्रोल जैसी ज्वलनशील चीजें मौजूद थीं, जिसने आग बुझाने में मुश्किलें खड़ी कर दीं।
दमकल विभाग को शुरू में आग पर काबू पाने में काफी दिक्कत हुई, क्योंकि फैक्ट्री की संकरी सीढ़ियां और ऊंचाई रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा बनीं। बाद में हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म बुलाकर ऊपरी मंजिलों तक पहुंच बनाई गई और वहां फंसे कुछ लोगों को बाहर निकाला गया।
सात घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
आग बुझाने में करीब सात घंटे लगे। देर रात करीब 1:30 बजे लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची और ऑपरेशन में शामिल हुई। कुल मिलाकर 70 से ज्यादा फायर फाइटर्स इस बचाव अभियान में जुटे रहे। लेकिन अफसोस की बात ये रही कि मोहम्मद दानिश (45), उनकी पत्नी नाजमी सबा (42) और बेटियां सारा (15), सिमरा (12) और इनाया (7) को बचाया नहीं जा सका।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे इन सभी के शव बर्न यूनिट भेजे गए। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। लोग हादसे की वजहों को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि क्या फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।
जांच में जुटे पुलिस और फायर विभाग
पुलिस ने आग के फैलाव को देखते हुए आसपास की छह इमारतों को एहतियातन खाली करवा लिया। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और फायर विभाग भी अपनी रिपोर्ट तैयार कर रहा है।
दमकल अधिकारियों का कहना है कि बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में गोदाम था, जहां बड़ी मात्रा में कच्चा माल और केमिकल स्टॉक किया गया था। आग पहले निचले फ्लोर पर काबू में आई, लेकिन फिर केमिकल ने दोबारा भड़क कर ऊपरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया।












Click it and Unblock the Notifications