Kanpur News: गंगा नदी में नहाते समय तीन भाई-बहन डूबे, तीनों के शव बरामद, परिवार में मचा कोहराम
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कानपुर जिले में गंगा नदी में नहाने गए तीन भाई-बहन नदी में डूब गए। तीनों के नदी में डूबने से परिवार में कोहराम मच गया। शोर मचाने के बाद वहां मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई।
सूचना मिलने के बाद गोताखोर गंगा नदी के घाट के किनारे पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों भाई-बहन के शव को गंगा नदी से बरामद कर लिया। तीनों के शव बरामद होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह घटना कानपुर जनपद के अरौल थाना क्षेत्र के गंगा नदी के किनारे आकिन घाट की है। बताया जा रहा है कि आकिन पूरवा निवासी हरिप्रसाद और फूलचंद दोनों सगे भाई हैं। फूलचंद की 6 वर्षीय बेटी एकता और हरिप्रसाद की 10 वर्षीय बेटी प्रिया और 6 वर्षीय बेटा गौतम शुक्रवार सुबह 9 बजे गंगा नदी में स्नान करने गए थे।
बताया जा रहा है कि स्नान करते समय गंगा नदी के पानी के तेज बहाव के चलते तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों को जानकारी हुई। उसके बाद लोगों ने परिजनों तथा गोताखोरों को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद गोताखोर वहां पहुंचे और 2 घंटे मेहनत करने के बाद तीनों भाई बहन का शव गंगा नदी से बरामद किये। घटना की जानकारी मिलने के बाद बिल्हौर एसीपी अजय कुमार त्रिवेदी सहित अरौल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
एसीपी द्वारा बताया गया कि तीन बच्चे गंगा नदी में स्नान करने के लिए आए थे। गंगा नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में जाने के चलते तीनों डूब गए। तीनों की डेड बॉडी बरामद कर ली गई है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो जाने के बाद बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












Click it and Unblock the Notifications