Kanpur News: दो नाबालिग बहनों ने की आत्महत्या, परिजन बोले- अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था ठेकेदार
Kanpur News: यूपी के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कानपुर में ईंट भट्ठे पर काम करने वाली दो नाबालिग बहनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों का आरोप है कि ईंट भट्ठे पर काम करने वाले ठेकेदार ने उनका अश्लील वीडियो बना लिया था। वीडियो बनाने के बाद वह लड़कियों को ब्लैकमेल करता था। इससे तंग आकर दोनों ने आत्महत्या कर ली।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है और जांच कर रही है। डीसीपी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह पूरा मामला कानपुर जनपद के घाटमपुर थाने के बरौली में स्थित एक ईंट भट्ठे का है। बताया जा रहा है कि बरौली में स्थित ईंट भट्ठे पर हमीरपुर का एक परिवार मजदूरी करता है। परिवार में दो नाबालिग बहनें भी थीं।
बताया जा रहा है कि बुधवार की रात दोनों बहनें वहां से अचानक गायब हो गईं। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रात करीब 12 बजे दोनों की लाश ईंट भट्ठे से करीब 300 मीटर दूर एक पेड़ से लटकती मिली।
उसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों द्वारा रात में ही पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद घाटमपुर थाने की पुलिस के अलावा डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।
परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला कि ठेकेदार ने नहाते हुए दोनों बहनों का वीडियो बना लिया था। उसके बाद वही वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह उनका यौन शोषण कर रहा था।
डीसीपी ने बताया कि मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ठेकेदार के मोबाइल फोन से कई अश्लील क्लिप भी मिली हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications