धांधली करने वाले अफसरों के चेहरे याद रखें, समय आने पर होगी जांच, कानपुर में और क्या बोले शिवपाल यादव?
उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव की घोषणा हो जाने के बाद सभी राजनीतिक दल के नेता चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी बीच रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव कानपुर पहुंचे। समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी नसीम सोलंकी के कार्यालय का उद्घाटन करने के लिए शिवपाल यादव कानपुर पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उपचुनाव के दौरान जो भी अधिकारी गड़बड़ी करते नजर आए उनके चेहरे को याद रखें। समय आने पर उनकी जांच करवाई जाएगी और उन्हें दंडित किया जाएगा।

सपा नेता शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि मुझे जानकारी मिली है कि उपचुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी की मदद के लिए सरकार ने अफसर को निर्देश दिया है। लेकिन मुझे विश्वास है कि सीनियर अधिकारी निष्पक्ष चुनाव कराएंगे और बेईमानी नहीं होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों को याद रखना चाहिए कि सरकारी नौकरी करने से पहले ईश्वर और संविधान की निष्पक्षता और ईमानदारी की शपथ ली थी। ऐसे में यदि कोई अधिकारी निष्पक्ष नहीं रहता है तो उन्हें याद रखना चाहिए कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमेशा नहीं रहेगी।
वहीं पूर्व विधायक के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि इरफान सोलंकी भाजपा के शिकार हुए हैं। हाजी मुस्ताक और इरफान सोलंकी को भारतीय जनता पार्टी यहां से चुनाव नहीं हरा पाई उसके बाद गलत तरीके से पूर्व विधायक इरफान सोलंकी को जेल भेजा गया।
इरफान सोलंकी की जेल जाने पर खाली हुई है सीट
दरअसल, सीसामऊ विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी द्वारा पूर्व में इरफान सोलंकी को टिकट दिया गया था। समाजवादी पार्टी की टिकट पर चुनाव जीतकर इरफान सोलंकी विधायक बने थे। हालांकि आगजनी और तोड़फोड़ की एक मामले में उन्हें दोषी करार दिया गया।
ऐसे में उनकी विधानसभा सदस्यता भी रद्द कर दी गई। विधानसभा सदस्यता रद्द करने के बाद यह सीट खाली हो गई। यही कारण है की सीट पर उपचुनाव हो रहा है। उपचुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी द्वारा यहां से इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी को टिकट दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications