कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत के मामले में पांचवां हत्यारोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार
कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस के 5वें कर्मी की गिरफ्तारी हुई है। गुरुवार को गोरखपुर पुलिस ने हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
लखनऊ, 13 अक्टूबर। कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस के 5वें कर्मी की गिरफ्तारी हुई है। गुरुवार को गोरखपुर पुलिस ने हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा कि कमलेश को एक गुप्त सूचना के आधार पर उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह कोर्ट में सरेंडर करने जा रहा था।

बता दें कि कमलेश उन 6 पुलिस कर्मियों में शामिल था, जिन्होंने 28 सितंबर को गोरखपुर होटल में छापेमारी के दौरान मनीष गुप्ता को तब तक पीटा जब तक की उसकी मौत नहीं हो गई। इन 6 आरोपियों में अमेठी से एसएचओ जगत नारायण सिंह, बलिया से सब-इंस्पेक्टर अक्षय कुमार मिश्रा, जौनपुर से विजय यादव और मिर्जापुर से राउल दुबे, कांस्टेबल कमलेश कुमार यादव और प्रशांत कुमार (दोनों गाजीपुर से) शामिल हैं। इससे पहले मंगलवार को उपनिरीक्षक राहुल दुबे और आरक्षक प्रशांत कुमार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने रविवार को इंस्पेक्टर जगत नारायण सिंह और सब-इंस्पेक्टर अक्षय मिश्रा को गिरफ्तार किया था दोनों को इस घटना के बाद निलंबित कर दिया गया था। एफआईआर में नामजद पांच पुलिसकर्मियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं पुलिस ने कहा कि विजय यादव को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Video: शख्स ने अपने जन्मदिन पर काटे पूरे 550 केक, वायरल हुआ वीडियो
क्या था पूरा मामला
बता दें कि प्रॉपर्टी डीलर मनीष गुप्ता की गोरखपुर पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट करने के बाद मौत हो गई थी। जब यह घटना हुई उस वक्त गुप्ता अपने दो दोस्तों के साथ होटल में थे। पुलिस ने इस घटना को लेकर कहा था कि उन्हों होटल में संदिग्ध पुरुषों के ठहरने की सूचना मिली थी। पुलिस वाले संदिग्धों की पहचान के लिए होटल के उस कमरे में दाखिल हुए थे, जहां मनीष अपने दो दोस्तों के साथ ठहरे हुए थे। पुलिस ने दावा किया कि तीनों लोगों से पूछताछ के दौरान मनीष गुप्ता नशे में थे और गिरने से उनके सिर में चोट लग गई थी। पुलिस ने दावा किया कि उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी ओर, पीड़ित परिवार ने दावा किया कि पुलिस के हमले से मनीष गुप्ता की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications