कन्नौजः गाय ने खा लिया चारा तो बुजुर्ग को पीट-पीटकर मार डाला
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के जानवर के चारा खाने के विवाद में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। दूसरे की चरनी में जानवर के चारा खाने से विवाद शुरू हुआ था, जिसने पल भर में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जमकर हुए खूनी संघर्ष में दो लोग भी गम्भीर रूप से घायल हुये हैं। मृतक के पुत्र ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के समधन कस्बे के गांधी नगर गौरी निवादा निवासी 55 वर्षीय आसिफ अली पुत्र आशिक अली खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। आसिफ अली की गाय खूंटा से छूटकर पड़ोसी बदरुल की मवेशी की नाद में चारा खाने लगी। इसी बात पर बदरुल गाली गलौज करने लगे। आसिफ अली ने विरोध किया तो बदरुल ने अपने भाई राशिद, चंदू पुत्रगण करार खां और अरबाज पुत्र हसीम निवासी दारा सराय के साथ मिलकर लाठियों से आसिफ अली पर हमला कर पिटाई शुरू कर दी।
बचाने पहुंचे उसके बेटों आरिफ और अरबाज को भी पीटकर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल आसिफ अली ने इलाज के समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल अरबाज की तहरीर पर पुलिस ने बदरुल, राशिद, चंदू और अरबाज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी ।












Click it and Unblock the Notifications