अब कन्नौज में भी जीका वायरस की दस्तक से हड़कंप, 19 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे
लखनऊ, 06 नवंबर: केरल में दहशत फैलाने के बाद अब जीका वायरस ने उत्तर प्रदेश में भी टेंशन बढ़ा दी है। कानपुर के बाद अब कन्नौज जिले में भी जीका वायरस ने दस्तक दे दी है। जीका वायरस के मद्देनजर यूपी स्वास्थ्य विभाग की अलर्ट मोड पर आ गया है। विभाग ने खास एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।

वहीं स्वास्थ्य विभाग ने सभी बुखार पीड़ितों की डॉक्टर से सलाह लेने को कहा गया है। इधर, कन्नौज जिले में भी जीका वायरस की दस्तक से हड़कंप मच गया है। यहां सदर तहसील के कपूरपुर कटरी गांव के एक 45 वर्षीय युवक में जीका वायरस की पुष्टि हुई है। पहला केस मिलते ही स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर आ गया है।
गांव को कंटेन्मेंट जोन घोषित करते हुये सीएमओ ने ग्रामीणों व संक्रमित युवक के परिवार वालों के सैम्पल जांच को भेजे हैं। सीएमओ कन्नौज डॉ. विनोद कुमार का कहना है की जीका वायरस से पीड़ित युवक कानपुर के शिवराजपुर में संक्रमित हुआ है।
उन्होंने कहा कि अभी कन्नौज में घबराने वाली कोई बात नहीं है। युवक को बुखार होने पर 3 नवम्बर को सैम्पल जांच के लिये भेजा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर गांव में टीम भेज दी गई है। टीम ने संक्रमित युवक के परिवार सहित उसके सम्पर्क में आने वाले 19 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। सीएमओ ने बताया कि हमने 32 नमूने जांच के लिए भेजे थे, जिनमें से एक जीका वायरस से संक्रमित पाया गया। मरीज कानपुर के शिवराजपुर गया था और वहां एक गांव में एक रात रुका था। लौटने के बाद उन्होंने खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत की।
आपको बता दें कि इससे पहले कानपुर में जीका वायरस ने हमला किया था। एक साथ 30 नए केस सामने आने से स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पैर फूल गए हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या 79 तक पहुंच गई है। गौरतलब है कि जीका वायरस एक मच्छर-जनित वायरल है, ये वायरस एक संक्रमित एडीज प्रजाति के मच्छर के काटने से फैलता है। इस वायरस की अभी तक कोई वैक्सीन नहीं बनी है।












Click it and Unblock the Notifications