कोटा बच्चों की मौत के मामले में पायलट के सवाल पर सीएम गहलोत ने तोड़ी चुप्पी, कही यह बात
जोधपुर। कोटा के जेके लोन अस्पताल में दिसम्बर 2019 में सौ से ज्यादा बच्चों की मौत के मामले में राजस्थान के डिप्टी सीएम सचिन पायलट की लगातार बयाबाजी पर सीएम अशोक गहलोत ने चुप्पी तोड़ी है। सचिन पायलट ने कोटा मामले में जिम्मेदारी तय होने समेत कई बयान दिए थे।

इस पर गुरुवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र में केवल विपक्ष ही सवाल खड़े नहीं कर सकता। सत्ता के लोग भी सवाल कर सकते हैं, यह उनका अधिकार है। सचिन पायलट प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष भी हैं। यह पद भी गरिमामय है, इसलिए यह उनका अधिकार भी है।
सीएम गहलोत ने कोटा बच्चों की मौत के मामले को एक साजिश के तहत तूल दिए जाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि कोटा जेके लोन अस्पताल में जिन बच्चों की मौत हुई है, वे उस अस्पताल के नहीं थे बल्कि बाहर के थे। कोटा मामले को तूल देने और प्रदेश की बदनामी के लिए दिल्ली से मीडिया को बुलाया गया था।
बता दें कि 4 जनवरी को डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कोटा का दौरा किया था। कोटा के जेके अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों से भी मुलाकात की थी। तब सचिन पायलट ने परोक्ष रूप से अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा था कि हमें और संवेदनशील होना चाहिए था। हम लोगों को जवाबदेही तय करनी पड़ेगी क्योंकि जब इतने कम समय में इतने सारे बच्चे मरे हैं तो कोई ना कोई कारण रहे होंगे।












Click it and Unblock the Notifications