राजस्थान की बड़ी खबर: CM अशोक गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत के आवास पर सीबीआई की रेड
जोधपुर। राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ की बीच राजस्थान से बड़ी खबर है। यहां केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत के आवास पर रेड डाली है। अशोक गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत का जोधपुर स्थित आवास सीबीआई की टीम के निशाने पर आ गया है। सीबीआई की टीम आज सुबह से छापेमारी कर रही है।
Recommended Video

इस छापेमारी से सियासी गलियारों में तहलका मच गया है। अग्रसेन गहलोत के समर्थक इस कार्रवाई के विरोध में आने लगे हैं। बता दें कि, अग्रसेन गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई हैं। वह एक उर्वरक व्यापारी रहे हैं और उनसे पहले भी एक कथित उर्वरक घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ की थी।

ताजा एक्शन राहुल गांधी पर ईडी की जांच को लेकर कांग्रेस के देशव्यापी विरोध के बीच हुआ है। अग्रसेन गहलोत पर 2007 और 2009 के बीच सब्सिडी वाले उर्वरक निर्यात करने का आरोप लगाया गया है, जब यूपीए सरकार सत्ता में थी। बताया जा रहा है कि, 2007 से 2009 की अवधि के दौरान, अग्रसेन ने म्यूरेट ऑफ पोटाश (MoP) को लेकर घोटाला किया और बड़ी मात्रा में विदेशों में निर्यात किया, जो कि भारतीय किसानों के लिए रियायती दर पर देना था।

आज सीबीआई की छापेमारी के पीछे यही मामला वजह माना जा रहा है। हालांकि, इस पर अभी राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत का बयान नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications