Jharkhand: ट्रेनिंग के दौरान CRPF के दो जवानों को आया हार्ट अटैक, तोड़ा दम
युवाओं में हार्टअटैक का खतरा काफी ज्यादा बढ़ गया है। ताजा मामला झारखंड से आया है, जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवानों की मौत हो गई। उनको सीने में दर्द की शिकायत हो रही थी।
जानकारी के मुताबिक मुसाबनी जोनल ट्रेनिंग सेंटर में जवानों की ट्रेनिंग चल रही थी। तभी 13 बटालियन के हवलदार प्रेम कुमार सिंह और बटालियन-7 के शंभूराम गौड़ की तबीयत खराब हो गई। आनन-फानन में उनको नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वो कामयाब नहीं हुए। दो घंटे के अंतराल पर दोनों जवानों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक प्रेम कुमार मणिपुर और शंभूराम बिहार के रहने वाले हैं। उनके पैतृक गांव में शव को भिजवा दिया गया।
मामले में सीआरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि दोनों जवान जोनल ट्रेनिंग सेंटर में रूटीन ट्रेनिंग कर रहे थे। तभी उनके सीने में दर्द हुआ और वो बेहोश हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार देते हुए तुरंत जमशेदपुर के मेडिट्रीना हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। वहां पर इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा कि भीषण गर्मी में जवानों को कड़ी ट्रेनिंग करवाई जा रही थी। ऐसे में हीट स्ट्रोक की वजह से उनकी मौत हुई। हालांकि अधिकारियों ने इस बात को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कड़ी धूप में उनसे मेहनत नहीं करवाई जा रही थी। वो सामान्य ट्रेनिंग ले रहे थे, तभी ये घटना घटी।
बिहार में भी दो जवानों की मौत
बिहार के लखीसराय में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। वहां के पलामू पुलिस लाइन में मंगलवार सुबह दो जवानों को हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी मौत हो गई। दोनों जवानों को पहले से ही हार्ट की बीमारी थी।
मामले में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लखीसराय के सूर्यगढ़ा थाने के रामपुर गांव निवासी प्रकाश किरण और आरा निवासी जनार्दन सिंह की तबीयत अचानक से खराब हो गई थी। उनके साथी तुरंत उनको अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। शव की जांच करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। साथ ही उन्हें जरूरी मदद भी उपलब्ध भी करवाई गई।












Click it and Unblock the Notifications