नौकरानी को टार्चर करने वाली सीमा पात्रा 12 सितंबर तक पुलिस रिमांड में, कहा- ये एक राजनीतिक साजिश
रांची, 31 अगस्त: झारखंड में बीजेपी की निलंबित नेता और पूर्व आईएएस अधिकारी की पत्नी सीमा पात्रा पर नौकरानी को प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड पुलिस ने तुंरत उनको गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश किया। अगले कुछ दिनों तक पात्रा को सलाखों के पीछे रहना होगा, क्योंकि कोर्ट ने उन्हें 12 सितंबर तक पुलिस रिमांड में भेजा है। वहीं पेशी के दौरान उन्होंने खुद को निर्दोष बताया।

सीमा पात्रा ने कहा कि ये झूठे आरोप हैं, जो पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित हैं। उनको एक झूठे केस में फंसाया गया। वहीं झारखंड पुलिस का कहना है कि पीड़ित नौकरानी सुनीता ने कोर्ट के सामने धारा 164 के तहत बयान दिया है। उसका आरोप है कि पात्रा ने उसके साथ दरिंदगी की। साथ ही रांची के अशोक नगर स्थित घर में काम करने के बहाने उसे 8 साल तक कैद रखा।
वीडियो आया था सामने
आपको बता दें कि पीड़ित गुमला की रहने वाली है। हाल ही में उसका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वो अपने ऊपर हुए जुल्म को बयां कर रही है। पीड़ित के मुताबिक सीमा पात्रा के यहां बंधक बनाए जाने के दौरान उसे गर्म तवे से कई जगहों पर दागा गया था। गलती करने पर लोहे की राड से उसके दांत तोड़े गए। सीमा पर आरोप है कि उसने अपनी नौकरानी से जीभ से फर्श साफ करवाई और उसे पेशाब चटवाया।
बेटे की मदद से हुई आजाद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीमा के बेटे ने नौकरानी को कई बार आजाद करवाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मां नहीं मानी। वो सचिवालय में काम करता है, उसने अपने एक दोस्त को इस घटना की पूरी जानकारी दी। दोस्त ने ये सूचना रांची के डीसी तक पहुंचाई, तब जाकर पुलिस ने बंधक बनाई गई नौकरानी को आजाद करवाया। सीमा पात्रा के खिलाफ अरगोड़ा थाने में केस दर्ज किया जा चुका है, जिसमें एससी/एसटी एक्ट 1989 की धाराओं के अलावा IPC की धारा 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications