याचिका में गलती होने के चलते लालू यादव की जमानत पर नहीं हो सकी सुनवाई, 11 मार्च की मिली तारीख
रांची। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को बड़ा झटका लगा है। आज यानी कि शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई होने वाली थी लेकिन अब यह सुनवाई 11 मार्च को होगी। दरअसल, चारा घोटाले के डोरंडा कोषागार मामले में 5 साल की सजा काट रहे लालू की जमानत याचिका पर शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की अदालत ने कहा, 'याचिका में कुछ गलती है, जिन्हें दूर करें, तभी आगे सुनवाई होगी।' इस पर लालू प्रसाद यादव के वकील देवर्षि मंडल ने सोमवार तक उन त्रुटियों में सुधार करने का भरोसा दिलाया। अब मामले की अगली सुनवाई 11 मार्च को होगी।

Recommended Video
वहीं इस मामले पर लालू प्रसाद के वकील प्रभात कुमार ने कहा कि हमने आज कोर्ट में अपील दायर की है। हमने सारी खामियां दूर कर दीं, लेकिन कार्यालय की रिपोर्ट शामिल नहीं की और इसके कारण अदालत ने मामले को अगले शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध किया। बता दें कि प्रभात कुमार चारा घोटाला मामले के फैसले की चुनौती पर लालू प्रसाद यादव के वकील हैं।
राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू यादव को चारा घोटाले के पांचवें केस में भी 5 साल की सजा हो गई है। रांची की स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने उनपर 60 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। बता दें कि परिवार से लेकर पार्टी के समर्थक तक होली से पहले लालू की जमानत की उम्मीद लगाए बैठे हैं। ऐसे में झारखंड हाईकोर्ट में हो रही इस सुनवाई पर सबकी निगाहें लगी हुईं थीं।
याचिका में लालू प्रसाद के अधिवक्ता की ओर से उनकी 75 वर्ष उम्र, 17 बीमारियों का हवाला देने के साथ-साथ चारा घोटाले के मामले में आधी से अधिक सजा जेल में काट लेने को आधार बनाया गया है। बता दें, इससे पूर्व चारा घोटाले के 4 मामलों में लालू दोषी करार दिए जा चुके हैं। अभी पहले के सभी मामलों में जमानत पर बाहर थे, लेकिन बीते 15 फरवरी को कोर्ट के आए फैसले से उन्हें एक बार फिर जेल जाना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications