साइक्लोन जवाद के चलते झारखंड के इन हिस्सों में हो सकती है बारिश, जानिए कौन सी ट्रेनें हुई रद्द
रांची। अंडमान सागर में निम्न दवाब का क्षेत्र बना हुआ है, जो पश्चिम से उत्तर पश्चिम की तरफ बढ़ रहा है। इसके चलते साइक्लोन बनने की संभावना जताई जा रही है। शनिवार को इसके आंध्र प्रदेश और दक्षिणी उड़ीसा के तट से टकराने की संभावना है। इसका असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है। गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के साथ आसमान पूरी तरह से साफ रहने वाला है।

शुक्रवार से राज्य का मौसम बदलने वाला है और 6 दिसंबर तक राज्य में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश भी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के सेंटर हेड अभिषेक आनंद ने बताया कि इस दौरान न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है।
अभिषेक आनंद ने बताया कि तीन दिसंबर को राज्य के 12 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान राज्य के दक्षिणी, उत्तर पूर्वी और मध्य इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश देखने को मिल सकती है। 6 दिसंबर को राज्य के कोल्हान और संथाल के इलाके में बारिश देखने को मिल सकती है। उन्होंने बताया कि 7 दिसंबर से मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि आगामी चक्रवात जवाड को लेकर झारखंड के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 3-6 दिसंबर तक इसका मध्यम प्रभाव पड़ेगा। 3 दिसंबर को, दक्षिण झारखंड के जमशेदपुर, सरायकेला खरसावां, चाईबासा, खूंटी और रांची के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होगी।
वहीं तूफान जवाद की आशंका को देखते हुए रांची रेल मंडल से खुलने वाली 5 ट्रेनों को दो दिन के लिए रद्द कर दिया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के निर्देश पर रांची मंडल की तरफ से यह निर्णय लिया गया है। पूरे दक्षिण पूर्व रेलवे जोन से 27 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया गया है।
ट्रेन संख्या 13351 धनबाद - एलेप्पी एक्सप्रेस 3 दिसंबर को धनबाद से रद्द रहेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 12876 आनंद विहार टर्मिनल - पुरी एक्सप्रेस 3 दिसंबर को आनंद विहार टर्मिनल से रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 18451 हटिया - पुरी एक्सप्रेस 3 दिसंबर को हटिया से रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 18452 पुरी - हटिया एक्सप्रेस 3 दिसंबर को पुरी से रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 18637 हटिया - बेंगलुरु कैंट एक्सप्रेस 4 दिसंबर को हटिया से रद्द रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications