'झारखंड की बहन-बेटियों के साथ घुसपैठियों ने अन्याय किया, हेमंत सरकार शह देती है', घाटशिला में बरसे अमित शाह
Jharkhand Election 2024 (Amit Shah): केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह झारखंड विधानसभा चुनावों को लेकर रविवार (03 नवंबर) को झारखंड दौरे पर हैं। घाटशिला में अपनी पहली जनसभा में अमित शाह ने हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि झारखंड की बहन-बेटियों के साथ घुसपैठियों ने जो अन्याय किया है, उसे रोकने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के गठबंधन की सरकार नाकाम रही है।
अमित शाह ने कहा, ''घुसपैठियों को हेमंत सोरेन की सरकार शह दे रही है। हमारी सरकार आई तो घुसपैठियों को छोड़ेंगे नहीं। मैं घुसपैठियों से कहना चाहता हूं कि अब वो चैन की नींद लेना बंद कर दें।''

ये भी पढ़ें- झारखंड चुनाव: ₹2100 हर महीने से लेकर ₹1 की स्टांप ड्यूटी तक, BJP के 25 'चुनावी संकल्प पत्र' में क्या-क्या है?
अमित शाह बोले- हेमंत सरकार ने महिलाओं की दुर्दशा के नए कीर्तिमान बनाए
अमित शाह ने कहा, ''हेमंत सरकार ने महिलाओं की दुर्दशा के नए कीर्तिमान बनाए हैं, झारखंड नाबालिग लड़कियों की तस्करी और महिलाओं के अपहरण के मामलों में पूरे देश में दूसरे स्थान पर है।''
अमित शाह ने कहा, ''घुसपैठिए झारखंड में हमारी आदिवासी बहन बेटियों को फुसला कर शादी कर लेते हैं और भेंट में इनकी जमीन हड़प लेते हैं। हम आपसे वादा करते हैं, हम ऐसा कानून लाएंगे कि आदिवासियों की जमीन किसी घुसपैठिए के नाम ट्रांसफर नहीं होगी और जिन्होंने हड़पी है, उन्हें भी वापस देनी पड़ेगी।''
ये भी पढ़ें- 'महिलाओं को 2,100 रुपये हर महीने, 2 मुफ्त सिलेंडर', अमित शाह ने झारखंड भाजपा का संकल्प पत्र किया जारी
नक्सलियों को लेकर अमित शाह ने हेमंत सोरेन को घेरा!
अमित शाह ने कहा, ''हेमंत सोरेन सरकार ने नक्सलियों को खुली दी थी, और नक्सली यहां सड़क नहीं बनने देते थे। आदिवासियों के घर में बिजली, पानी नहीं आने देते थे और शौचालय नहीं बनने देते थे। मोदी सरकार ने नक्सलवाद को समाप्त किया है।''
अमित शाह ने कहा, ''पूरे झारखंड में आदिवासियों की आबादी घट रही है, क्योंकि यहां बांग्लादेशी घुसपैठिए आ रहे हैं। हेमंत सोरेन सरकार ने हाईकोर्ट में हलफनामा दायर कर कह दिया कि 'हम (JMM सरकार) घुसपैठ रोकना नहीं चाहते हैं।' चंपई सोरेन ने इसी का विरोध किया और JMM छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। आप यहां भाजपा की सरकार बना दो, हम घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकाल देंगे।''
UCC पर क्या बोले अमित शाह?
अमित शाह ने कहा कि ''ये (जेएमएम-कांग्रेस) अफवाह फैला रहे हैं कि UCC लागू होने से आदिवासियों के कानून और संस्कृति समाप्त हो जाएगी। आज मैं यहां कह कर जाता हूं कि झारखंड में UCC लागू होगा, लेकिन आदिवासियों पर लागू नहीं होगा। आदिवासियों की संस्कृति और उनके कानून की सुरक्षा मोदी सरकार करेगी।''












Click it and Unblock the Notifications