'5 लाख नौकरी तो छोड़िए, नौकरी की जगह दौड़ा-दौड़ा कर युवा मर जाए, तब तक...', शाह ने CM हेमंत पर उठाए सवाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार (20 सितंबर) को झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार पर कथित तौर पर नौकरी देने के नाम पर किए झूठे वादे को लेकर सवाल खड़े किए हैं। अमित शाह ने राज्य में कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में 15 युवाओं की मौत पर भी हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार पर निशाना साधा है।
अमित शाह ने कहा, ''हेमंत सोरेन जी ने वादा किया था कि प्रतिवर्ष 5 लाख नौकरी देंगे। प्रतिवर्ष 5 लाख नौकरी मिली क्या? 5 लाख नौकरी तो छोड़िए...नौकरी की जगह दौड़ा-दौड़ा कर युवा मर जाए, तब तक दौड़ाने का काम हेमंत सोरेन ने किया है।'' अमित शाह चुनावी राज्य झारखंड में दो दिन के दौरे पर हैं। अमित शाह ने भाजपा की परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की है।

ये भी पढ़ें- 'अगले 25-30 साल में घुसपैठिए यहां बहुमत में आ जाएंगे', अमित शाह ने झारखंड में JMM-कांग्रेस पर साधा निशाना
अमित शाह बोले- झारखंड सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है
अमित शाह ने कहा, "हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। क्या आप लोगों ने कभी 350 करोड़ रुपये देखे हैं? अगर आप भाजपा की वेबसाइट देखें तो आपको वह घटना दिखाई देगी जब कांग्रेस नेता धीरज साहू के घर से 350 करोड़ रुपये बरामद किए गए थे। मैं हेमंत सोरेन से पूछना चाहता हूं कि क्या वह राशि धीरज साहू की है? नहीं, यह संथाल के गरीब युवाओं का पैसा था।''
अमित शाह ने कहा कि यह विरोधाभासी है कि झारखंड जैसा समृद्ध राज्य, जिसके पास देश के खजाने को भरने की क्षमता है, फिर भी नौकरी की तलाश में अपने युवाओं का बड़े पैमाने पर पलायन कर रहा है।
अमित शाह ने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार ने 10 साल में झारखंड को केवल 84,000 करोड़ रुपये दिए जबकि पीएम मोदी ने 3.81 लाख करोड़ रुपये मंजूर किए।
ये भी पढ़ें- 'लालू, JMM और राहुल बाबा का वोटबैंक घुसपैठिए हैं', अमित शाह ने झारखंड में चुनाव से पहले किया बड़ा हमला
अमित शाह बोले- हम झारखंड में 'भ्रष्टाचार की गंगा' को रोकेंगे
अमित शाह ने कहा कि हम झारखंड में 'भ्रष्टाचार की गंगा' को रोकेंगे और इसे समुद्र में मिलने से रोकेंगे। हम भ्रष्ट लोगों को उल्टा लटका देंगे और झारखंड को देश का नंबर एक राज्य बनाएंगे।
अमित शाह की झारखंड में ये दूसरी रैली थी, जहां भगवा पार्टी ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले 'परिवर्तन यात्रा' की योजना बनाई थी। विधानसभा चुनावों पर नजर रखते हुए, विपक्षी भाजपा लोगों तक पहुंचने और राज्य में झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार की "विफलताओं को उजागर करने" के लिए छह 'परिवर्तन' जुलूस शुरू करेगी।
ये यात्राएं 24 जिलों के 81 विधानसभा क्षेत्रों में 5,400 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी और 2 अक्टूबर को समाप्त होंगी। कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित भाजपा के लगभग 50 राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेताओं के ऐसी रैलियों में भाग लेने की उम्मीद है।
ये भी पढे़ं- 'JMM बांग्लादेशी घुसपैठियों के साथ है, इनके अंदर कांग्रेस का भूत है', PM मोदी ने सेट की झारखंड में चुनावी पिच












Click it and Unblock the Notifications