Jharkhand Polls: 'JMM, RJD- कांग्रेस कभी आदिवासियों का सम्मान नहीं कर सकती', चाईबासा की रैली में गरजे PM मोदी
PM Modi Chaibasa Rally: झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Elections 2024) के लिए वोटिंग की तारीख नजदीक आने के साथ-साथ अब बीजेपी ने अपना चुनाव प्रचार भी तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार (04 नवंबर) को पीएम मोदी ने गढ़वा के बाद चाईबासा में बड़ी रैली को संबोधित किया। जहां उन्होंने सत्तारूढ़ जेएमएम और उसके सहयोगी दल कांग्रेस और आरएलडी पर जमकर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चाईबासा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "झारखंड की यह भूमि जनजातीय गौरव, जनजातीय मान-मर्यादा की साक्षी रही है। यह माटी उस आदिवासी शौर्य की साक्षी रही है, जिसने भारत की आजादी, भारत की संस्कृति और विरासत की रक्षा की है।"

कोल्हान नया इतिहास रचने जा रहा-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि, "इतिहास गवाह है कि कैसे कोल्हान ने अत्याचारी अंग्रेजी सत्ता को टक्कर दी थी। आज फिर कोल्हान ने JMM, RJD, कांग्रेस की अत्याचारी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कमर कस ली है। हर कोई कह रहा है इस बार कोल्हान नया इतिहास रचने जा रहा है।"
पीएम मोदी ने किया बड़ा दावा
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज मैं इस चुनाव अभियान में पहली बार आया हूं और यह मेरी दूसरी रैली है। दोनों रैलियों को देखने के बाद मैं दावे से कहता हूं कि भाजपा, NDA इतिहास में मिले किसी भी परिणाम से और अधिक सीटों के साथ यहां सरकार बनाएगी।"
कांग्रेस सरकार ने बर्बरता की-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, "भारत के इतिहास में कांग्रेस और RJD से बड़ा आदिवासी विरोधी कोई नहीं हुआ। 80 के दशक में जब बिहार और दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी, तब झारखंड अलग नहीं था, बिहार का हिस्सा था। अपने बुजुर्गों से पूछिए तब क्या हुआ था। उन्हें गुआ गोलीकांड याद होगा, जिस तरह की बर्बरता अंग्रेजों ने की थी, वैसी ही बर्बरता यहां कांग्रेस सरकार ने आदिवासियों का खून बहाकर की थी।"
चम्पाई सोरेन को लेकर सीएम हेमंत को घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "JMM, RJD, कांग्रेस कभी आदिवासियों का सम्मान नहीं कर सकती, उन्हें आपका अपमान करने की आदत है। इन लोगों ने कोल्हान की संतान, कोल्हान का गौरव, हमारे चम्पाई सोरेन का भी घोर अपमान किया। इन लोगों ने जिस तरह अपमानित करके चम्पाई सोरेन को मुख्यमंत्री पद से हटाया वह पूरे देश ने देखा है। यह सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, पूरे कोल्हान का अपमान है।"
सीता सोरेन का उठाया मुद्दा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज हमारे पास द्रौपदी मुर्मू जी के रूप में देशभर के आदिवासियों की एक मजबूत आवाज है, लेकिन JMM, कांग्रेस और उनके साथी एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति बर्दाश्त नहीं कर सकते। ये लोग उनके लिए अपशब्द कहने का कोई मौका नहीं छोड़ते। बहन सीता सोरेन के बारे में कांग्रेस के एक नेता ने जो कहा है, वो हर आदिवासी मां, बहन और बेटी का अपमान है। हाल ही में महाराष्ट्र में भी चुनाव लड़ रही एक बहन के लिए ऐसी गंदी भाषा का इस्तेमाल किया गया। ये उनकी आदत है... सत्ता के सुख में JMM आदिवासी महिलाओं का अपमान भी स्वीकार कर लेता है।"












Click it and Unblock the Notifications