यूपी पंचायत चुनाव: 3 फीट की अनीता ने भरा पर्चा, कहा- कद बेशक छोटा है, लेकिन हौसला बहुत ऊंचा है
जौनपुर। उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव के लिए जौनपुर जिले में पहले चरण में 15 अप्रैल को मतदान होना है। रविवार को नामांकन के आखिरी दिन आखिरी समय पर एक महिला नामांकन पत्र लेकर पहुंच गई। महिला को देखकर वहां मौजूद सभी अधिकारी हैरान रह गए। दरअसल, महिला की लंबाई महज तीन फीट थी। वह जब रिटर्निंग अधिकारी सुरेश कुमार कन्नौजिया के कक्ष में पहुंची तो अधिकारियों ने सोचा कि महिला शायद कोई फरियाद लेकर आई है, लेकिन जब महिला ने पंचायत चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र आगे उन्हें सौंपा तो वह हैरान हो गए।

'कद बेशक छोटा है, लेकिन हौसला बहुत ऊंचा है'
जौनपुर की बदलापुर तहसील के बऊरा रामपुर की रहने वाली अनीता के पति का नाम सुरेश शर्मा है। 32 साल की अनीता शर्मा ने बदलापुर ब्लॉक के वार्ड नंबर 22 से पंचायत सदस्य पद के लिए पर्चा भरा है। अनीता की लंबाई तीन फीट है। वह 9वीं तक पढ़ी हैं। शादी के 10 साल हो गए हैं। दोनों के कोई संतान नहीं है। नामांकन के बाद अनीता से जब सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उनका कद बेशक छोटा है, लेकिन हौसला बहुत ऊंचा है। अनीता से पूछा गया कि वह चुनाव क्यों लड़ना चाहती हैं, तो उन्होंने पूछा कि क्या छोटे कद वाले काम नहीं कर सकते, सिर्फ लंबे कद वाले ही काम कर सकते हैं। अनीता शर्मा ने बताया कि उनके वॉर्ड में कई तरह की समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि वे जनता का विश्वास जीत कर क्षेत्र का विकास करना चाहती हैं। समस्याओं को दूर करने के लिए वो कड़ी मेहनत करेंगी।
पहले चरण में 15 अप्रैल को होना है मतदान
बता दें, पंचायत चुनावों के लिए जौनपुर में पहले चरण में 15 अप्रैल को मतदान होना है। 2 मई को वोटों की गिनती की जाएगी। रविवार को नामांकन के आखिरी दिन 83 जिला पंचायत सदस्य पदों के चुनाव के लिए नामांकन भरे गए। जौनपुर के वॉर्ड नंबर 26 से मॉडल अभिनेत्री दीक्षा सिंह ने भी पर्चा भरा है। दीक्षा फेमिना मिस इंडिया 2015 रनर अप रह चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications