UP News: जौनपुर में एचटी तार के संपर्क में आने से ट्रक बना आग का गोला, लोग सहमे, चालक जिंदा जला
UP News: यूपी के जौनपुर में रविवार को एचटी तार के संपर्क में आने से एक ट्रक में आग लग गई। आग लगने के बाद चालक को भागने का मौका नहीं मिला और वह जिंदा जल गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई करने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला ट्रक चालक कलाम रविवार को ट्रक में मुर्गी का चारा लेकर जौनपुर के सुजानगंज थाना क्षेत्र के कुरांवा गांव में जा रहा था। वह चारा लेकर गांव में पहुंचा था, इसी दौरान उपर से गुजर रहा एचटी तार ट्रक से सट गया।

तार सटने के चलते ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। इस दौरान ट्रक चला रहे कलाम को उतरने का मौका नहीं मिला और वह भी आग की चपेट में आ गया।
ट्रक में आग लगने के बाद आसपास के लोग वहां पहुंचे लेकिन करंट प्रवाहित होने के चलते लोग आग को बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। स्थानीय लोगों ने फोन कर पुलिस काे सूचना दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और विद्युत आपूर्ति बंद कराई।
हालांकि तब तक चालक कलाम की मौत हो गई थी। चालक के बचे हुए बॉडी पार्ट को कब्जे में लेकर पुलिस थाने लेकर आई और परिजनों को सूचना देने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। वहीं हादसे के बाद वहां पहुंचे लोग दर्दनाक मंजर देख कांप उठे।












Click it and Unblock the Notifications