मुलायम सिंह यादव के ज्योतिषी डॉ. रमेश तिवारी हत्याकांड में 12 दोषियों को उम्रकैद, जानें पूरा मामला
Jaunpur Uttar Pradesh News: जौनपुर के सरपतहा थाना क्षेत्र की ऊचगांव निवासी ज्योतिषी डॉक्टर रमेश तिवारी हत्याकांड के मामले में 12 दोषियों को उम्र कैद की सजा सुनाई गई है। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ रूपाली सक्सेना द्वारा सजा सुनाई गई।
दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाने के साथ ही उन पर 30-30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। यह फैसला मंगलवार को एडीजे चतुर्थ रूपाली सक्सेना ने सुनाया। फैसला सुनाए जाने के बाद ज्योतिषी के परिवार ने कोर्ट पर भरोसा जताया।

ज्योतिषी डॉक्टर रमेश तिवारी उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के ज्योतिष गुरु थे। इसके अलावा कई अन्य राजनीतिक दलों के नेता भी ज्योतिषी डॉ रमेश तिवारी से संपर्क करते थे। मुलायम सिंह और शिवपाल यादव अक्सर उनके घर आते थे।
15 नवंबर 2012 को हुई थी हत्या
दरअसल, ऊचगांव निवासी ज्योतिषी डॉक्टर रमेश तिवारी 15 नवंबर 2012 को अपने घर में पूजा कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस की वर्दी पहन कर दो बदमाश उनके घर पहुंचे। जिस समय बदमाश घर पहुंचे थे, उस समय ज्योतिषी डॉ रमेश तिवारी पूजा कर रहे थे।
बदमाशों ने घर वालों से उनके बारे में पूछा तो परिवार वालों द्वारा बताया गया कि अभी पूजा कर रहे हैं। उसके बाद परिवार वालों द्वारा इंतजार करने के लिए कहा गया। पूजा करने के बाद रमेश तिवारी जैसे ही बाहर निकले बदमाशों ने उनका पैर पड़कर आशीर्वाद लिया।
आशीर्वाद लेने के बाद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने कार्बाइन और पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल डॉ. रमेश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि अस्पताल जाने के बाद डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी।
सपा सरकार में ही हुई थी हत्या
जिस समय डॉ. रमेश तिवारी की हत्या हुई, उस समय प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे। मामले को उन्होंने गंभीरता से लिया और घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को तत्काल गिरफ्तार करने के लिए निर्देश दिया गया।
मृतक रमेश के भाई उमेश तिवारी द्वारा आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने शूटर शेर बहादुर सिंह को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। पुलिस की जांच में पता चला कि मामला ग्राम प्रधानी से जुड़ा हुआ था और आपसी रंजिश के चलते उनकी हत्या की गई थी।
कुल 14 आरोपियों में दो की हो चुकी है मौत
इस हत्याकांड में कॉल डिटेल के आधार पर विपुल सिंह, धीरेंद्र सिंह, शेर बहादुर सिंह, झारखंडे सिंह, सूबेदार सिंह, कौशल किशोर सिंह, विजय बहादुर सिंह, वीरेंद्र बहादुर सिंह, तनु सिंह, शैलेंद्र सिंह, अरविंद, अमित, लाल शंकर उपाध्याय, अमरजीत सिंह आदि का नाम सामने आया था।
हत्याकांड में जहां शेर बहादुर सिंह को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया था वहीं झारखंडे सिंह की भी मौत हो चुकी है। दो लोगों की मौत हो जाने के बाद बचे हुए 12 दोषियों के खिलाफ मंगलवार को उम्र कैद की सजा सुनाई गई।












Click it and Unblock the Notifications