Jaunpur News: पत्नी ने प्रेमी संग की पति की हत्या, बेड के नीचे दफनाया शव, 20 दिन उसी के ऊपर सोती रही
Jaunpur News: मुंबई के नालासोपारा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी और शव को कमरे में ही दफना दिया। हत्या के बाद उसी जगह बेड लगाकर 20 दिन तक वहीं सोती रही।
मामला जौनपुर निवासी विजय चौहान से जुड़ा है, जो मुंबई में पिछले कई वर्षों से मिस्त्री का काम करता था। उसकी शादी आठ साल पहले चमन नाम की युवती से हुई थी। दोनों का एक बेटा भी है और शुरुआत में जीवन सामान्य चल रहा था।

लेकिन समय के साथ हालात बदलने लगे। विजय की पत्नी चमन का संपर्क बिहार के एक युवक मोनू से हुआ। यह जान-पहचान जल्द ही प्रेम-प्रसंग में तब्दील हो गई। दोनों के बीच घंटों बातचीत होती, लेकिन विजय को इसकी भनक नहीं लगी।
पति के शक और टकराव के बाद रची गई खौफनाक साजिश
कुछ समय बाद विजय को पत्नी के व्यवहार में बदलाव नजर आने लगे। देर रात तक फोन पर बातें करती और जवाब देने में टालमटोल करती। इन सबसे विजय परेशान रहने लगा। उसके बाद उसने पत्नी पर नजर रखनी शुरू की तो सच्चाई सामने आ गई।
बताया जा रहा है कि विजय ने जब चमन को समझाने की कोशिश की तो दोनों के बीच झगड़े हुए। चमन किसी भी हाल में मोनू से रिश्ता नहीं तोड़ना चाहती थी। ऐसे में उसने विजय को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया और योजना बनानी शुरू कर दी।
कमरे में खुदवाया गड्ढा, दफन की लाश और लगाया बेड
योजना के तहत चमन और उसके प्रेमी ने विजय की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद उसी कमरे में गड्ढा खोदकर शव को जमीन में दफनाया गया। फिर उस पर बेड लगाकर रोजाना उसी कमरे में चमन आराम से सोती रही मानो कुछ हुआ ही न हो।
इस दौरान विजय के परिजन लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन हर बार चमन कोई न कोई बहाना बनाकर उन्हें टालती रही। पूछने पर चमन कहती थी कि विजय काम में व्यस्त है और बाद में बात करेगा।
परिजन पहुंचे मुंबई, ऐसे खुला राज
लगातार संपर्क न होने पर विजय के घरवालों को शक हुआ। वे जौनपुर से मुंबई पहुंचे और नालासोपारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो मामले की परतें खुलती चली गईं।
पुलिस को संदेह हुआ और घर की तलाशी ली गई। वहां जमीन में दफन शव मिलने के बाद पूरे मामले की पुष्टि हो गई। चमन और मोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
हत्या का खुलासा होने के बाद सिर्फ ससुराल वाले ही नहीं चमन का मायका पक्ष भी अब उसके खिलाफ है। उसके पिता ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर चमन ने यह घिनौना काम किया है तो उसे सजा मिलनी ही चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications