शादी की रस्मों के दौरान दूल्हे के बहनोई ने दुल्हन पर किया कमेंट, थाने में टूट गया रिश्ता
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शादी के दौरान वर और वधू पक्ष के बीच बहनोई की वजह से ऐसा विवाद हुआ जिसमें बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। विवाद इतना बढ़ा कि मामला थाने पहुंचा जहां दोनों पक्षों ने शादी न करने का फैसला लिया। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में धुत बहनोई ने पहले तो दुल्हन के मेकअप पर अभद्र कमेंट कर दिया, फिर जब दुल्हन को जेवर और कपड़े देने की बात आई तो वर पक्ष इससे भी मुकर गया। सुबह होते-होते दुल्हन पक्ष थाने पहुंच गया और दूल्हा पक्ष के खिलाफ तहरीर दी। इस मामले में थाना प्रभारी ने कहा कि दोनों पक्षों ने शादी न करने का निर्णय लिया है।

घटना जौनपुर के जैतीपुर के एक गांव की है जहां शनिवार को लड़की की शादी थी। रात में बदायूं के एक गांव से दूल्हा बारात लेकर आया। दूल्हे का बहनोई नशे में धुत था। रस्म के दौरान दूल्हे के बहनोई ने दुल्हन के मेकअप पर अभद्र टिप्पणी कर दी। इस पर वधू पक्ष के लोगों ने बहनोई को टोका तो वो गाली-गलौज करने लगा। इस विवाद को दोनों पक्षों ने शांत कराया और शादी की रस्में शुरू हुईं। फेरों से पहले वधू पक्ष ने वर पक्ष से जेवर और कपड़े देने को कहा। वर पक्ष इसको लेकर मुकर गया। इस पर दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ जिसमें मारपीट तक होने के हालात बन गए।
दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया। दूल्हे के बहनोई ने फिर दुल्हन पक्ष से अभद्रता की और उनको धमकी दी। मामला इतना बढ़ा कि रविवार की सुबह दुल्हन पक्ष ने थाने में जाकर तहरीर दे दी। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया। सुलह की कोशिशें नाकाम रही और शादी टूट गई। बिना दुल्हन के ही दूल्हे को बारात समेत वापस लौटना पड़ गया। इस बारे में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सहरावत ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की शिकायत मिली थी। इसमें शादी न करने का फैसला दोनों पक्षों ने लिया है।












Click it and Unblock the Notifications