कश्मीर: कुलगाम में हुई मुठभेड़ में 1 आतंकी ढेर, जवान समेत 3 घायल
श्रीनगर, 26 सितंबर: कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। दोनों ओर से फायरिंग जारी है। इस एनकाउंटर में एक सैनिक और दो नागरिक घायल हो गए हैं। जबकि एक आतंकी को मार गिराया। सुरक्षाबलों ने आसपास रहने वाले लोगों को मुठभेड़स्थल से दूर रहने की हिदायत दी है। स्थानीय पुलिस को आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली। जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों को कुलगाम के बटपुरा गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद गांव की घेराबंदी की गयी। उन्होंने बताया कि तलाश अभियान उस समय मुठभेड़ में तब्दील हो गया, जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने ट्वीट किया, मुठभेड़ में सेना का एक जवान और दो नागरिक घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ चल रही है।'पिछले करीब दो घंटों से भी अधिक समय से मुठभेड़ जारी है। एनकाउंटर में एक आंतकी को मार गिराया है।
इससे पहले रविवार को कुपवाड़ा जिले के माच्छिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की साजिश नाकाम करते हुए दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया था। आतंकियों से दो एके -47 राइफल, दो पिस्तौल और चार हथगोले बरामद किए।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि नियंत्रण रेखा से घुसपैठिए इस पार आने की फिराक में हैं। इसके बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने माच्छिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर चौकसी बढ़ा दी। सुबह माच्छिल सेक्टर के टेकरी नार पर सुरक्षाबलों को कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं।