Amarnath Yatra 2022: खराब मौसम और लैंडस्लाइड की आशंका के चलते अमरनाथ यात्रा पर अस्थाई रोक
श्रीनगर, 05 जुलाई: कोरोना महामारी के चलते तीन साल बाद 30 जून से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा पर खराब मौसम की वजह से थोड़ा ब्रेक लग गया है। बिगड़े मौसम और भूस्खलन की आशंका के चलते प्रशासन ने यात्रा को मंगलवार सुबह पहलगाम मार्ग से अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। वहीं जब तक मौसम साफ ना हो जाए, तब तक तीर्थ यात्रियों को कैंपों में ही रुकने के लिए कहा गया है।
Recommended Video

अब तक 72 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
पिछले हफ्ते शुरू हुई बाबा बर्फानी की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी जोश देखा जा रहा है। 30 जून के बाद से अब तक 72 हजार से ज्यादा तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ गुफा मंदिर के दर्शन किए हैं। यात्रा 11 अगस्त रक्षा बंधन तक चलेगी।
सुबह से लगाई यात्रा पर अस्थाई रोक
अधिकारियों के मुताबिक पहलगाम के नुनवान आधार शिविर में मंगलवार सुबह करीब 3 हजार तीर्थयात्रियों को रोका गया है। पहलगाम मार्ग के लिए जम्मू से रवाना हुए करीब 4 हजार तीर्थयात्रियों के एक अन्य जत्थे को रामबन जिले के चंद्रकोट में यात्री निवास पर रोका गया। बता दें कि पहलगाम श्रीनगर से करीब 90 किमी दूर है।
लगातार बारिश का दौर जारी
हालांकि, जम्मू से बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुए करीब 2,000 तीर्थयात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई है। इधर, अधिकारियों ने मौसम की जानकारी देते हुए बताया कि कश्मीर में बीती रात से ही लगातार बारिश का दौर जारी है। ऐसे में पहलगाम और बालटाल मार्ग पर लैंडस्लाइड के खतरे की आशंका बनी रहती है। साथ ही कहा कि अमरनाथ गुफा के पास भी फिलहाल मौसम ठीक नहीं है। ऐसे में तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यात्रा को अस्थाई रूप से स्थगित करने का फैसला किया गया है। जैसे ही मौसम सही होगा यात्रा फिर से शुरू हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications