घाटी में नागरिकों की हत्याओं पर बोले सैफुद्दीन सोज-मुसलमान अंदर तक हिल गया है
श्रीनगर, अक्टूबर 10: हाल ही में कश्मीर घाटी में आतंकवादियों द्वारा निशाना बनाकर आम नागरिकों की गई हत्याओं ने सूबे की सियासत को गर्मा दिया है। विपक्षी दलों में सूबे के प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घाटी में टारगेट किलिंग के संबंध में, जम्मू-कश्मीर के पूर्व कांग्रेस प्रमुख सैफुद्दीन सोज ने रविवार को कहा कि हाल ही में हुई इन हत्याओं के चलते कश्मीर घाटी का बहुसंख्यक समुदाय-मुसलमान-अंदर तक हिल गया है।

मीडिया बात करते हुए पूर्व कांग्रेस प्रमुख सैफुद्दीन सोज ने कहा कि, प्रदेश का बहुसंख्यक समुदाय-मुसलमान-अंदर तक हिल गया है। वे दुखी हैं और यह सोच रहे हैं कि उन्हें मुस्लिम समुदाय के किसी युवक ने हथियार उठाकर मार डाला है, लेकिन उन्हें भी कुछ कहना है और उन्हें सुना जाना चाहिए। दरअसल पिछले कुछ दिनों में कश्मीर घाटी में आतंकवादियों द्वारा कुछ हिंदुओं और सिखों की हत्या किये जाने के बाद जम्मू और कश्मीर का माहौल एक बार फिर तनाव से घिर गया है
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि इस हिंसा का समाधान बातचीत से ही संभव है। उन्होंने कहा, संवाद ही हर चीज का समाधान है। हमारे यहां सेना और अर्धसैनिक बल हैं, लेकिन यह तभी हो सकता है जब मोदी जी और उनके सहयोगी यह समझें कि उन्हें कश्मीर के लोगों और राजनीतिक दलों से बात करनी होगी। आम जनता में से कोई भी हिंसा या इन मौतों का समर्थन नहीं करता।
2 अक्टूबर से अब तक कश्मीर में चार अल्पसंख्यकों सहित कम से कम सात लोग आतंकवादियों द्वारा मारे जा चुके हैं। श्रीनगर के एक सरकारी स्कूल के अंदर एक महिला प्रधानाध्यापक और एक शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राजकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य सुपिन्दर कौर और दीपक चंद (एक शिक्षक) की स्कूल परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस बीच, श्रीनगर के सबसे प्रसिद्ध फार्मेसी के मालिक और एक प्रमुख कश्मीरी पंडित माखन लाल बिंदू की मंगलवार को उनकी दुकान में गोली मारकर हत्या कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications