कश्मीर: पुलवामा में बिहारी मजदूर को आंतकियों ने मारी गोली, हालत गंभीर
श्रीनगर, 21 मार्च: कश्मीर घाटी में बाहरी राज्यों के मजदूरों को निशाना बनाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार शाम पुलवामा जिले में आतंकियों ने एक गैर स्थानीय मजदूर को गोली मार कर घायल कर दिया। मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी ओर गोटपोरा बडगाम में अज्ञात लोगों ने एक स्थानीय निवासी की हत्या कर दी। इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार शाम आतंकवादियों ने गंगू पुलवामा में गैर स्थानीय मजदूर बिसुजीत कुमार पर फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गया। गोलीबारी में घायल हुआ बिसुजीत कुमार पुत्र पारस मंडन बिहार का रहने वाला है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि गोली लगने के बाद बिसुजीत को जिला अस्पताल पुलवामा में स्थानांतरित कर दिया गया। कुमार की पीठ में आग लगी है और उन्हें विशेष इलाज के लिए श्रीनगर स्थानांतरित किए जाने की संभावना है।
वहीं दूसरी गोलीबारी की घटना बडगाम में हुई है। बडगाम के एसपी के अनुसार, तजमुल मोहिउद्दीन राथर को गोटपोरा में उनके घर के पास गोली मार दी गई थी और अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। घाटी में एक दिन में दो लोगों को गोली मारी गई है। पुलिस प्रशासन इन घटनाओं के बाद गश्त बढ़ा दिया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले शनिवार को पुलवामा जिले के अरिहाल इलाके में आतंकियों ने एक गैर स्थानीय युवक को गोलीमार दी थी। उसकी पहचान यूपी के बिजनौर जिले के रहने वाले मोह्म्द अकरम के रूप में हुई थी। वहीं शोपियां के जैनपोरा इलाके में शनिवार शाम आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की 178वीं बटालियन के कैंप ग्रेनेड हमला किया। हमले में एक सीआरपीएफ जवान को मामूली चोट आई है। जबकि तीसरी घटना में त्राल में शाम 7.40 बजे आतंकियों ने 180वीं बटालियन के कैंप पर ग्रेनेड दागा। हमले में एक जवान घायल हो गया।












Click it and Unblock the Notifications