जम्मू कश्मीर में NIA ने कुर्क की आतंकवादी सलाहुद्दीन के बेटों की संपत्तियां, यूसुफ-शकील तिहाड़ जेल में कैद
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने सोमवार को आतंकवादी सैयद सलाहुद्दीन के दोनों बेटों की संपत्तियों को कुर्क किया। सलाहुद्दीन के दोनों बेटे दिल्ली की तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं। वहीं, सलाहुद्दीन पाकिस्तान में छिपा है।

आतंक का पर्याय बने हिज्बुल प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। आतंकवादीसैयद सलाहुद्दीन (Hizbul chief Syed Salahuddin) के दोनों बेटों की जम्मू-कश्मीर में स्थित संपत्तियों को कुर्क किया गया है। जांच एजेंसी ने बडगाम सोइबुग तहसील स्थित शाहिद यूसुफ और सैयद अहमद शकील की अचल संपत्तियों को जब्त कर लिया है।
बताया जा रहा है कि सलाहुद्दीन के दोनों बेटे अक्टूबर 2017 और अगस्त 2018 में गिरफ्तार किए जाने के बाद दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। इन दोनों के खिलाफ सलाहुद्दीन के सहयोगियों और हिज्बुल मुजाहिदीन के सक्रिय कार्यकर्ताओं से विदेशों से धन प्राप्त करने के आरोप में आरोप पत्र दायर किया गया था।
पाकिस्तान में छिपा है सलाहुद्दीन
सलाहुद्दीन 1993 में पाकिस्तान भाग गया था और अक्टूबर 2020 में नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा आतंकवादी के रूप में नामित किया गया था। वह वर्तमान में पाकिस्तान से काम कर रहा है। वह यूनाइटेड जिहाद काउंसिल (यूजेसी) का प्रमुख भी है, जिसे मुत्ताहिदा जिहाद काउंसिल (एमजेसी) के नाम से भी जाना जाता है, जो लगभग 13 पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों का समूह है।
आंतक का दूसरा नाम सलाहुद्दीन
आपको बता दें कि सैयद सलाहुद्दीन उर्फ सैयद मोहम्मद युसूफ शाह आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन का मुखिया है। पाकिस्तान में बैठकर भारत में आतंकी वारदतों को अंजाम देता है। साल 1993 में पाकिस्तान भाग गया था, तबसे भारत के खिलाफ षडयंत्र रच रहा है। सलाहुद्दीन हिजबुल से पहले यूनाइटेड जिहाद काउंसिल (यूजेसी) का अध्यक्ष भी रह चुका है।












Click it and Unblock the Notifications