जम्मू कश्मीर: एलजी मनोज सिन्हा का अहम फैसला, आम लोगों के लिए खुलेंगे मुगल और सिंथन रोड
जम्मू कश्मीर: 5 जुलाई से आम लोगों के लिए खुल जाएंगे मुगल और सिंथान रोड
श्रीनगर, 1 जुलाई: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को कहा है कि मुगल रोड और सिंथन रोड को आम जनता के लिए खोलने का फैसला लिया गया है ताकि लोगों को आसानी हो। 5 जुलाई से ये दोनों रोड आम लोगों के लिए खुल जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की लगातार मांग को देखते हुए ये फैसला लिया है।

मनोज सिन्हा ने कहा, जम्मू-कश्मीर के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए हमने आज दो अहम फैसले लिए हैं। पिछले कुछ दिनों में राजौरी, पुंछ, किश्तवाड़ और डोडा के कई प्रतिनिधिमंडल मुझसे मिले। मुगल रोड और सिंथन रोड को खोलने को लेकर भी इन्होंने मांग की। आज हमने तय किया है कि मुगल रोड और सिंथन रोड 5 जुलाई से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इसके लिए मैंने आदेश जारी कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि इन सड़कों के खुलने से केवल लोगों को आवाजाही में आसानी होगी। राजौरी और पुंछ के लोग आसानी से श्रीनगर आ सकते हैं। किश्तवाड़ और डोडा के लोगों को भी कशमीर डिविजन जाने के लिए आसानी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सफर की आसानी के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को भी इससे फायदा होगा।
जम्मू कश्मीर में विधानसभा सीटों के परिसीमन को लेकर सिन्हा ने कहा कि परिसीमन आयोग परिसीमन अधिनियम के अनुसार कार्य कर रहा है। जो लोग लोकतंत्र में विश्वास करते हैं और विधानसभा चुनाव चाहते हैं, उन्हें निश्चित रूप से भाग लेना चाहिए। आयोग की प्रक्रिया पारदर्शी है। अगर राजनीतिक दल और आम लोग इससे जुड़ेंगे तो बेहतर गठन किया जा सकता है।
हाल ही में जम्मू एयरबेस पर ड्रोन देखे जाने को लेकर उन्होंने कहा, पिछले कुछ महीनों में कई ड्रोन देखे गए थे, बीएसएफ ने पिछले दिनों एक ड्रोन गिरा भी दिया था। जम्मू में हाल में हुई घटना को सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीरता से लिया है और ऐसी जगहों पर सुरक्षा के इंतजाम हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications