शादी से किया इनकार तो आदमी ने गर्लफ्रैंड की हत्या कर कई टुकड़े किए, घर से मिला सिर
हत्या का असली मकसद अभी तक ज्ञात नहीं है, महिला के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि पुरुष ने पहले शादी के लिए उसके परिवार से संपर्क किया था लेकिन महिला ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया था।

प्रेम संबंधो में हत्या के सनसनीखेज मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। दिल्ली में श्रद्धा वॉकर हत्याकांड के बाद इस तरह पर हत्या के कई मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला जम्मू कश्मीर का है, यहां ब्वॉयफ्रैंड ने अपनी गर्लफ्रैंड की हत्या के बाद उसके शव के कई टुकड़े कर डाले। इसके बाद शव के टुकड़ों को फेंक दिया। यह मामला जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले का है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार महिला की उम्र 30 वर्ष है, जोकि अपनी बैचलर की पढ़ाई कर रही थी, वह 7 मार्च से लापता थी।
पहले से शादी शुदा था आरोपी
इस मामले में पुलिस ने शबीर अहमद को हिरासत में लिया है, जोकि पेशे से कारपेंटर है। पुलिस ने उसे 8 मार्च को हिरासत में लिया था। महिला की फोन कॉल के आधार पर पुलिस ने शबीर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान शबीर ने अपना जुर्म कबूल किया है। पुलिस ने बताया कि शबीर अहमद 45 साल का है, उसे महिला के परिवार ने जब महिला के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई उसके बाद फोन डिटेल के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। शबीर अहमद पहले से शादीशुदा है, वह बडगाम जिले के ओम्पोरा इलाके का रहने वाला है।
पुलिस मकसद का पता लगा रही
हालांकि पुलिस अभी तक इस हत्या का मकसद नहीं पता कर सकी है। लेकिन महिला के रिश्तेदारों का आरोप है कि शबीर कुछ समय पहले शादी के लिए परिवार से संपर्क किया था, लेकिन महिला ने खुद शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। पुलिस ने बताया कि महिला पिछले चार दिनों से लापता थी, आरोपी ने बताया कि उसने महिला की हत्या की और उसके शव को टुकड़ों में काट दिया, इसके बाद शव के टुकड़ों को अलग-अलग जगह पर फेंक दिया। आरोपी ने कुछ शव के टुकड़ों को रेलवे ब्रिज के पास फेंका था, जिसके पुलिस ने शनिवार रात को बरामद किया है।
शादी का प्रस्ताव ठुकराने से था नाराज
शनिवार की रात को पुलिस ने महिला का सिर और शरीर का अन्य हिस्सा बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव के सभी हिस्सों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। महिला का सिर आरोपी के घर से मिला है। पुलिस ने बताया कि वह इस मामले की जांच कर रही है। वहीं महिला के परिवार का दावा है कि अहमद उनके घर पर टाइल से संबंधित कुछ काम के लिए आता था। महिला के चचेरे भाई ने आरोप लगाया है कि आदमी ने हवस के चक्कर में महिला की हत्या कर डाली। महिला ने जब शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, अहमद कहता था कि इसकी वजह से उसका आत्मसम्मान खत्म हो गया था।
इससे पहले भी इस तरह के मामले आए सामने
गौर करने वाली बात है कि इसी तरह से दिल्ली का श्रद्धा वॉकर हत्याकांड भी हुआ था। जब आरोपी आफताब अमीन पूनावाला ने अपनी गर्लफ्रैंड श्रद्धा वॉकर की हत्या के बाद उसके शव के कई टुकड़े किए और उसे अलग-अलग जगह पर फेंक दिया। आरोपी ने महिला के शव के 35 टुकड़े किए थे और इसके बाद शव के टुकड़ों को 300 लीटर के फ्रिज में रखा था। इसी तरह से साहिल गहलोत ने भी कथित तौर पर अपनी पत्नी निक्की यादव की हत्या की और इसके बाद उसके शव के टुकड़े करके उसे फ्रिज में रख दिया।












Click it and Unblock the Notifications