Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

किस्तवाड़ के बाद अब कठुआ में प्रकृति का कहर, बारिश ने मचाई तबाही! फ्लैश फ्लड में 7 की मौत, कई लापता

Jammu Kashmir Flash Floods: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में शनिवार रात आसमान से बरपा कहर कई परिवारों पर दुख का पहाड़ बनकर टूटा। बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने सात लोगों की जान ले ली और कई घरों व खेतों को तबाह कर दिया।

यह हादसा उस समय हुआ है जब किस्तवाड़ जिले में कुछ दिन पहले आए सैलाब से दर्जनों गांव मातम में डूबे हुए हैं। किस्तवाड़ में अब तक 61 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 70 लोग लापता हैं। लगातार दो बड़ी आपदाओं ने जम्मू क्षेत्र को दहला दिया है और प्रशासन से लेकर आम लोगों तक सब सदमे में हैं। दोनों जिले जम्मू संभाग में हैं लेकिन कई सौ किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं।

Jammu Kashmir Flash Floods

कठुआ में भारी तबाही

अधिकारियों ने बताया कि कठुआ के राजबाग इलाके के जोध घाटी गांव में पांच लोगों की मौत हुई है। वहीं 15 किलोमीटर दूर जंगलोट गांव में दो लोगों की जान गई। अचानक आई बाढ़ से गांव का संपर्क टूट गया और खेतों व मकानों को नुकसान पहुंचा।
ये भी पढ़ें: “स्टेटहुड का इससे कोई लेना-देना नहीं”, जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों पर क्या बोले गए फारूक अब्दुल्ला

बचाव दल और स्थानीय लोग जुटे

पुलिस, SDRF और स्थानीय लोग रातभर राहत व बचाव कार्य में लगे रहे। कठुआ के डिप्टी कमिश्नर राजेश शर्मा ने बताया कि इलाके में पहुंचने में दिक्कतें आ रही हैं, इसलिए कोशिश है कि हेलिकॉप्टर से जरूरी सामान भेजा जाए। भारी बारिश के बाद नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और उज्ह नदी खतरे के निशान के पास बह रही है।

किस्तवाड़ त्रासदी पर आक्रोश

कठुआ की इस नई आपदा के बीच किस्तवाड़ में लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। मृतकों के परिजन आरोप लगा रहे हैं कि चेतावनी के बावजूद स्थानीय यात्रा को मंजूरी दी गई, जिससे जान-माल का नुकसान और बढ़ा। इसके अलावा लोग धीमे बचाव कार्य और वीआईपी दौरे के कारण राहत कार्य प्रभावित होने से नाराज हैं। किस्तवाड़ में अब तक 61 शव मिल चुके हैं और 70 से 80 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

116 लोगों को बचाया गया

किश्तवाड़ में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ पर, जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने कहा, "...इस घटना में 61 लोगों की जान चली गई है। सुरक्षा बलों और विभिन्न एजेंसियों ने सामूहिक खोज और बचाव अभियान शुरू किया है, जिसके परिणामस्वरूप 116 लोगों को बचाया गया है..." कठुआ में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन पर, उन्होंने कहा, "...इस घटना में सात लोगों की जान चली गई है। छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है..."

सरकार की राहत घोषणाएं

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कठुआ हादसे पर तुरंत राहत और बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक लाख और सामान्य रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है। इसके अलावा पूरी तरह टूटे मकानों के लिए एक लाख रुपये, आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 50 हजार और हल्के नुकसान पर 25 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।

केंद्र से सहयोग का भरोसा

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को हालात की जानकारी दी है। सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस राहत कार्य में जुटी है। शाह ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि केंद्र सरकार हर संभव मदद देगी। वहीं केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि इन दोनों आपदाओं से जम्मू क्षेत्र में रेलवे ट्रैक, राष्ट्रीय राजमार्ग और कठुआ का एक थाना भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
ये भी पढ़ें: Kathua Cloudburst: किश्तवाड़ के बाद जम्मू के कठुआ में बादल फटने से तबाही, राहत और बचाव कार्य जारी

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+