Jammu-Kashmir Chunav 2024: नीतीश कुमार की JDU ने कसी कमर! 90 में से 40 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
Jammu-Kashmir Assembly Chunav 2024: लोकसभा चुनाव के बाद अब राजनीतिक दलों का सियासी पारा जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में बढ़ता नजर आएगा। हालांकि, अभी तक जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की घोषणा नहीं हुई है। लेकिन, संभावना है कि इलेक्शन कमीशन सितंबर तक चुनाव को संपन्न करा देगा। इस बीच, बिहार के सीएम नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) ने बड़ा पासा फेंका है।
खबर यह है कि नीतीश कुमार की जेडीयू जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। उनकी पार्टी केंद्र शासित प्रदेश में 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में 90 सदस्यीय सदन के चुनाव के लिए चुनाव 30 सितंबर, 2024 से पहले होने की संभावना है। केंद्र शासित प्रदेश में पिछला विधानसभा चुनाव 2014 में हुआ था, जिसके बाद बीजेपी और पीडीपी (जम्मू और कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) की गठबंधन सरकार सत्ता में आई थी, लेकिन जून 2018 में यह गिर गई थी।

'समितियों का पुनर्गठन शुरू'
जेडीयू नेता शाहीन ने कहा कि हमने जमीनी स्तर पर अपनी समितियों का पुनर्गठन भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि चूंकि जेडी(यू) केंद्र में एनडीए के सहयोगियों में से एक है, इसलिए केंद्र शासित प्रदेश में पार्टी में शामिल होने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि हुई है। शाहीन ने कहा कि उनकी पार्टी ने पहले भी अपनी छाप छोड़ी थी, लेकिन नेतृत्व के मुद्दों के कारण 2000 के बाद यह टूट गई और हाल के सालों में यह आक्रामक रूप से काम कर रही है।
आगे उन्होंने यह भी कहा कि हमने 2018-19 में हुए पंचायत और नगरपालिका चुनाव लड़े थे। वर्तमान में हमारे पास 100 से ज़्यादा सरपंच और नगरपालिका समिति के सदस्य हैं। आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में प्रमुख राजनीतिक दलों में नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी और बीजेपी शामिल हैं, जिसने केंद्र शासित प्रदेश में एक मजबूत आधार स्थापित किया है।












Click it and Unblock the Notifications