J&K: अनंतनाग में CRPF नाके पर फायरिंग, एक अज्ञात शख्स की मौत
श्रीनगर, अक्टूबर 08: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में गुरुवार रात फायरिंग की घटना सामने आई है। यह घटना अनंतनाग जिले के रूह मोंघल में हुई। रूह मोंघल इलाके में सीआरपीएफ के नाके से गुजर रहे बाइक सवार एक संदिग्ध को जवानों ने रुकने का इशारा किया। इस दौरान संदिग्ध ने भागने की कोशिश की। जवानों ने उसे चेतावनी दी लेकिन उसने अनसुना किया। जिसके बाद फायरिंग में वह मारा गया। इस दौरान संदिग्ध वाहन का चालक फरार हो गया।

सीआरपीएफ की ओर से जारी बयान में कहा कि, 40 बीएन सीआरपीएफ द्वारा मंघल ब्रिज पर एक नाका स्थापित किया गया था। बिना नंबर के एक संदिग्ध वाहन को नाका पार्टी द्वारा रोकने की कोशिश की गई थी। हालांकि यह नाका पार्टी की ओर तेजी से बढ़ा। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात जवानों ने रोकने की चेतावनी दी। जवानों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की और एक व्यक्ति की मौत हो गई, लेकिन चालक भागने में सफल रहा।
श्रीनगर के सफाकदल इलाके में आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया है। यह हमला बारीपोरा ईदगाह इलाके में सीआरपीएफ कैंप के बाहर हुआ है। हमले में किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। हमलावरों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर अभियान चलाया जा रहा है। बता दें कि, पिछले कुछ दिनों से कश्मीर में नागरिकों निशाना बनाकर हमले किए जा रहे हैं। आज श्रीनगर में दो टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने अल्पसंख्यक समुदाय के दो शिक्षकों की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि हमला करने वाले दोषियों को करारा जवाब दिया जाएगा। आतंकवादी और उनके आका केंद्र शासित प्रदेश में शांति भंग करने की कोशिश में सफल नहीं होंगे। बताया जा रहा है कि आतंकी संगठनों ने एक हिटलिस्ट बनाई है, जिसमें घाटी के 90 से अधिक लोग हैं। आतंकियों की हिटलिस्ट में कुछ पत्रकार भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications