जम्मू-कश्मीर: राजौरी में IED बरामद, पुंछ में घुसपैठ कर रहे दो आतंकी ढेर
Jammu and Kashmir के राजौरी जिले में एक बड़ी आतंकी साजिश नाकाम हुई, जबकि पुंछ में दो आतंकी ढेर किए गए हैं।

जम्मू संभाग के दो प्रमुख जिले राजौरी और पुंछ में आतंकी गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। जिसको देखते हुए भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी एक्टिव हैं। अब राजौरी में तलाशी अभियान के दौरान एक IED बरामद हुआ, जिसे तुरंत सफलतापूर्वक डिफ्यूज कर दिया गया। इसके अलावा सेना ने 7 जनवरी की रात जम्मू और कश्मीर के पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में घुसपैठ की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। इस ऑपरेशन में दो आतंकी मारे गए हैं।
भारतीय सेना के मुताबिक मारे गए आतंकियों के पास से एक एके 47 राइफल, एक मॉडिफाई एके 56 राइफल, एक चीनी पिस्तौल, दो चीनी हथगोले और दो उच्च विस्फोटक आईईडी बरामद हुए हैं। इस ऑपरेशन को लेकर ब्रिगेडियर पी आचार्य (कमांडर 13 सेक्टर आरआर) ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने ऑपरेशन से जुड़ी जानकारियों को साझा किया।
ब्रिगेडियर आचार्य के मुताबिक शाम को 7.45 बजे लैंड माइन के कारण जोरदार विस्फोट हुआ। इसके पांच मिनट बाद जवानों ने बाड़ के पास हलचल देखी, जिस पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। वहां मौजूद आतंकी पीओके की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन भारतीय सैनिकों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। 8 जनवरी को इलाके में फिर से सर्च अभियान शुरू किया गया था। जिसमें दो आतंकियों के शव और गोला-बारूद बरामद हुए हैं।
29 दिसंबर को साजिश हुई थी नाकाम
ब्रिगेडियर ने 29 दिसंबर (2022) की शाम को भी घुसपैठ की साजिश के बारे में खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उस दिन आतंकियों की कोशिश को नाकाम कर दिया गया था। आतंकी पुंछ और राजौरी में शांति को भंग करना चाहते थे, लेकिन सेना पूरी तरह से अलर्ट है। उस ऑपरेशन में सेना को 2 पिस्तौल, 2 नाइट विजन गॉगल, एक दूरबीन, एक कैमकॉर्डर, कॉम्बैट ड्रेस, गर्म कपड़े आदि बरामद हुए। फिलहाल इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। भारतीय सेना एलओसी पर होने वाली हर घुसपैठ को रोकने में सक्षम है।












Click it and Unblock the Notifications