JK Election: कब होंगे जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव? इलेक्शन कमीशन ने दिया बड़ा अपडेट
Jammu-Kashmir Assembly Election 2024: चुनाव आयोग ने शनिवार को लोकसभा चुनाव 2024 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। देश में 7 चरणों के अंदर मतदान होगा। पहला चरण 19 अप्रैल से शुरू होगा, जबकि अंतिम चरण 1 जून को संपन्न होगा। चुनाव के नतीजे 4 जून को आएंगे। हालांकि लोगों को उम्मीद थी कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के भी ऐलान साथ में किए जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने शनिवार को घोषणा की कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव के बाद कराए जाएंगे। लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम जारी करते हुए राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उम्मीद थी कि चुनाव आयोग केंद्र शासित प्रदेश में चुनावों की घोषणा करेगा, जहां आखिरी बार 2014 में चुनाव हुए थे। यह पूछे जाने पर कि विधानसभा चुनाव आम चुनाव के साथ क्यों नहीं कराए जा रहे हैं, इस सवाल पर राजीव कुमार ने कहा कि हर उम्मीदवार को सुरक्षा बल उपलब्ध कराने होंगे, जो ऐसे समय में संभव नहीं है, जब पूरे देश में चुनाव हो रहे हों।
उन्होंने बताया कि जब इलेक्शन कमीशन की टीम ने वहां का दौरा किया तो जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने उन्हें बताया कि चुनाव कराने के लिए वहां ज्यादा सिक्योरिटी की जरूरत होगी।
अपने बयान में राजीव कुमार ने कहा कि, "जम्मू और कश्मीर में सभी दलों ने कहा कि विधानसभा चुनाव संसदीय चुनावों के साथ होना चाहिए, लेकिन पूरी प्रशासनिक मशीनरी ने कहा कि यह एक साथ नहीं किया जा सकता है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-12 उम्मीदवार होंगे, जिसका मतलब 1,000 से अधिक उम्मीदवार होंगे। प्रत्येक उम्मीदवार को बल उपलब्ध कराना होगा। इस समय यह संभव नहीं था।''
जम्मू-कश्मीर की 5 सीटों पर 5 चरणों में होंगे चुनाव
जम्मू-कश्मीर की 5 लोकसभा सीटों पर पांच चरणों में मतदान होगा। 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई और 20 मई को मतदान होगा। जबकि लद्दाख में 20 मई को मतदान होगा। उधमपुर और जम्मू में 19 और 26 अप्रैल को मतदान होगा। अनंतनाग-राजौरी में 7 मई को, श्रीनगर में 13 मई और बारामूला में 20 मई को मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।












Click it and Unblock the Notifications