तौकते तूफान के बीच जम्मू में भूकंप के झटके, दहशत में लोग
जम्मू और कश्मीर, मई 19: कोरोना महामारी के बीच देश में तौकते चक्रवाती तूफान का कहर जारी है। इस बीच जम्मू और कश्मीर में आज दोपहर भूकंप से झटके महसूस किए गए। यहां के डोडा क्षेत्र में 2 बजकर 34 मिनट पर रिक्टर पैमाने पर 3.2 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने भूकंप की पुष्टि की है।

पूरा देश जहां एक अदृश्य ताकत कोरोना वायरस से लड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ अरब सागर से उठे चक्रवात तोकते ने अपना भयानक रूप धारण कर रखा है। केरल, कर्नाटक के बाद महाराष्ट्र और गुजरात में चक्रवाती तूफान जमकर तबाही मचा रहा है। हजारों पेड़ और बिजली के पोल धराशाही हो चुके हैं। इस बीच आज बुधवार को जम्मू और कश्मीर के डोडा इलाके में भूकंप आने से लोगों में दहशत फैल गई।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.2 थी। धरती हिलने से लोगों में अचानक डर बैठ गया। लोग घरों को छोड़कर बाहर निकलने लगे। हालांकि भूकंप में किसी तरह के नुकसान की कोई जानकारी नहीं मिली है। आपको बता दें कि इससे पहले 8 फरवरी को जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, उस दौरान रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.5 मापी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications